1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. कौन हैं खट्टर के करीबी नायब सिंह सैनी? चुने गए हरियाणा के अगले सीएम

कौन हैं खट्टर के करीबी नायब सिंह सैनी? चुने गए हरियाणा के अगले सीएम

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Mar 12, 2024 12:20 pm IST,  Updated : Mar 12, 2024 02:18 pm IST

इस बीच माना जा रहा है कि मनोहर लाल खट्टर के करीबी नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए सीएम चुने गए हैं। नायब सिंह सैनी भाजपा के हरियाणा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह ओबीसी समुदाय से आने वाले भाजपा के प्रमुख नेता हैं।

कौन हैं नायब सिंह सैनी? - India TV Hindi
कौन हैं नायब सिंह सैनी? Image Source : SOCIAL MEDIA

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उनके साथी कैबिनेट मंत्रियों ने प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को मंगलवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्य में सत्तारूढ़ BJP और JJP गठबंधन में लोकसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर दरार पैदा होने की अटकलों के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है। खट्टर के इस्तीफे के बाद हुई विधायक दल की बैठक में हरियाणा के अगले सीएम के रूप में नायब सिंह सैनी के नाम पर मुहर लग गई। आइए जानते हैं हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बारे में कुछ खास बातें। 

सांसद और हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष हैं सैनी

नायब सिंह सैनी भाजपा के हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह ओबीसी समुदाय से आने वाले भाजपा के प्रमुख नेता हैं। साल 1996 में सैनी को राज्य में भाजपा संगठन की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद 2002 में उन्हें भाजयुमो का जिला महामंत्री बनाया गया। 2012 में सैनी को अंबाला भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद सैनी का प्रमोशन होता गया और वह 2014 में नारायणगढ़ से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। साल 2016 में सैनी को खट्टर सरकार में राज्य मंत्री भी बनाया गया था। 

खट्टर के करीबी हैं नायब सैनी

हरियाणा सीएम की रेस में सबसे आगे चल रहे नायब सिंह सैनी को मनोहर लाल खट्टर का करीबी माना जाता है। साल 2019 में भाजपा ने उन्हें कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा और वह संसद पहुंचे। वह संसद के श्रम संबंधी स्थायी समिति के सदस्य भी हैं। सैनी को 2023 में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई। ज्यादातर कार्यक्रमों में खट्टर के साथ देखे जाते रहे हैं। 

आज ही होगा नए सीएम का शपथ

सूत्रों के मुताबिक, नायब सिंह सैनी मंगलवार यानी आज की शाम 4 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ एक डिप्टी सीएम और कुछ अन्य मंत्रियों को भी शपथ दिलवाई जा सकती है। इसके साथ ही यह भी तय हो गया है कि सूबे में बीजेपी और जेजेपी का पिछले 4 साल से चला आ रहा गठबंधन टूट गया है। यानी कि लोकसभा चुनावों में अब नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

ये भी पढ़ें- हरियाणा की सियासत में मचा हड़कंप, मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया, लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव


हरियाणा में नहीं रहेगा BJP-JJP का गठबंधन? नए सिरे से मंत्रिमंडल के गठन की खबर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।