1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. पंजाब के सीएम भगवंत मान और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा कुरुक्षेत्र में 'आप' उम्मीदवार के लिए करेंगे प्रचार

पंजाब के सीएम भगवंत मान और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा कुरुक्षेत्र में 'आप' उम्मीदवार के लिए करेंगे प्रचार

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 10, 2024 05:02 pm IST,  Updated : May 10, 2024 05:04 pm IST

सुशील गुप्ता ने दावा किया कि आप-कांग्रेस गठबंधन हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतेगा। उन्होंने कहा, ''हमें विश्वास है कि लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में 'इंडिया' गठबंधन की सरकार बनेगी।

भगवंत मान और भूपेंद्र सिंह हुड्डा- India TV Hindi
भगवंत मान और भूपेंद्र सिंह हुड्डा Image Source : FILE-PTI

चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कांगेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा आम आदमी पार्टी (आप) की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सुशील गुप्ता के लिए चुनाव-प्रचार करेंगे। 'आप' ने कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से गुप्ता को मैदान में उतारा है। आप और कांग्रेस 'इंडिया' गठबंधन के घटक हैं। आप ने जहां गुप्ता को कुरूक्षेत्र से मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस राज्य की शेष नौ लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। गुप्ता ने कहा कि मान आने वाले दिनों में चुनाव-प्रचार अभियान में शामिल होंगे। उन्होंने पिछले महीने कुरुक्षेत्र में रोड शो किया था।

इस दिन गठबंधन के नेता करेंगे प्रचार

कुरुक्षेत्र सीट पर सुशील गुप्ता के अलावा 30 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें भाजपा के नवीन जिंदल और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अभय सिंह चौटाला शामिल हैं। सुशील गुप्ता ने बताया, ''कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा 13 मई को चुनाव प्रचार करेंगे, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 14 मई, कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा 16 मई जबकि 17 मई को भगवंत मान और (आप नेता) संजय सिंह प्रचार अभियान में शामिल होंगे।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी बुलाने की तैयारी

उन्होंने कहा कि उन्होंने विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) नेतृत्व से अनुरोध किया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और सचिन पायलट भी चुनाव-प्रचार के लिए कुरुक्षेत्र आएं। सुशील गुप्ता ने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में (अरविंद केजरीवाल की पत्नी) सुनीता केजरीवाल भी इस अभियान में शामिल होंगी।

बीजेपी पर साधा निशाना

केजरीवाल पर गुप्ता ने कहा कि हरियाणा के लोग उनसे प्यार करते हैं। उन्होंने कहा, ''भाजपा सरकार ने भले ही उन्हें जेल में डाल दिया हो, लेकिन वे उनकी सोच को कैसे कैद कर सकते हैं। कुरुक्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिंदल पर निशाना साधते हुए गुप्ता ने कहा, ''मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि वह पहले (2004-2014) कुरुक्षेत्र से सांसद थे, लेकिन इस कार्यकाल में उन्होंने कौन सी बड़ी विकास परियोजना शुरू की थी।'' उन्होंने कहा, ''कुरुक्षेत्र में बेरोजगारी, महंगाई, किसान और महिलाओं के मुद्दे प्रमुख हैं। जनता इस बार बदलाव चाहती है। लोग इस बात से भी नाराज हैं कि राज्य की भाजपा सरकार ने जब भी किसी भी वर्ग, चाहे वह किसान हों, सरपंच हों या कर्मचारी हों पर लाठियां बरसाईं। उन्होंने उनके खिलाफ आवाज उठाई।

नायब सिंह सैनी पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि तीन निर्दलीय विधायकों के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार से समर्थन वापस लेने का भी असर पड़ा है। आप नेता सुशील गुप्ता ने कहा, ''लोग कहने लगे हैं कि भाजपा सरकार जाने वाली है। भाजपा ने भले ही पूर्व मुख्यमंत्री (मनोहर लाल खट्टर) को बदल दिया हो और एक नया चेहरा (नायाब सैनी) लाया हो, लेकिन लोगों ने केंद्र एवं हरियाणा दोनों जगह भाजपा को बाहर करने का मन बना लिया है।'' उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने राज्यपाल से 'अल्पमत' सैनी सरकार को बर्खास्त करने और नये सिरे से चुनाव कराने की सिफारिश की है। हरियाणा में सात मई को तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। उन्होंने एलान किया था कि वे कांग्रेस का समर्थन करेंगे। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।