1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा में आचार संहिता लागू होने के बाद से 56 करोड़ की शराब और बेहिसाब नकदी जब्त

हरियाणा में आचार संहिता लागू होने के बाद से 56 करोड़ की शराब और बेहिसाब नकदी जब्त

 Published : May 17, 2024 07:20 pm IST,  Updated : May 17, 2024 07:23 pm IST

हरियाणा के अलग-अलग जिलों में 16 मार्च से 16 अप्रैल के बीच करोड़ों रुपये नगद और करोड़ों की शराब जब्त की गई है। बुधवार तक करीब 11.50 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FILE-PTI

चंडीगढ़ः लोकसभा चुनाव के लिए 16 मार्च से आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने हरियाणा में लगभग 56 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, शराब और बेहिसाब नकदी जब्त की है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य में बुधवार तक लगभग 11.50 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है। इसके अलावा, 44.69 करोड़ रुपये की अवैध शराब, मादक पदार्थ और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।

इन एजेंसियों ने जब्त की नगदी

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा में पारदर्शी तरीके से लोकसभा चुनाव कराने के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद राज्य में पुलिस, आयकर विभाग, आबकारी एवं कराधान विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के परिणामस्वरुप, 11.50 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है। इसमें से पुलिस द्वारा 5.48 करोड़ रुपये, आयकर विभाग द्वारा 3.03 करोड़ रुपये, आबकारी विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय द्वारा 2.98 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं।

इतने की शराब जब्त की गई

इसके अलावा विभिन्न एजेंसियों ने 12.54 करोड़ रुपये मूल्य की 3,83,038 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इसमें से 2,78,613 लीटर शराब पुलिस ने जब्त की है। उन्होंने कहा कि एजेंसियों ने 13.32 करोड़ रुपये मूल्य के 63.04 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इसके अलावा 15.84 करोड़ रुपये का कीमती सामान और 2.97 करोड़ रुपये का अन्य सामान भी जब्त किया गया है।

शिकायतों को 100 मिनट के अंदर हल करने का दावा

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य में मतदाता आदर्श आचार संहिता के विषय में जागरुक हैं। नागरिक सी-विजिल मोबाइल ऐप के माध्यम से आयोग को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतें भेज रहे हैं। अग्रवाल ने कहा कि इन शिकायतों को 100 मिनट के भीतर हल कर लिया जाता है।

इनपुट-भाषा

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।