1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. 'ऑपरेशन सिंदूर' पर विनय नरवाल के माता-पिता और ससुर का आया बयान, जानिए क्या कहा

'ऑपरेशन सिंदूर' पर विनय नरवाल के माता-पिता और ससुर का आया बयान, जानिए क्या कहा

 Reported By: Puneet Pareenja Edited By: Malaika Imam
 Published : May 07, 2025 09:22 am IST,  Updated : May 07, 2025 09:42 am IST

ऑपरेशन सिंदूर पर पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए नेवी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के पिता राजेश नरवाल ने कहा कि भारत सरकार ने जो यह कदम उठाया है, बहुत सही किया है।

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए नेवी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की मां और उनके ससुर- India TV Hindi
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए नेवी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की मां और उनके ससुर Image Source : ANI/PTI

भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकवादी ढांचे को नष्ट करने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च किया है। इस पर पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए नेवी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के पिता राजेश नरवाल ने कहा कि जब यह हादसा हुआ था तभी मैंने कहा था कि मुझे भारत सरकार पर पूरा भरोसा है कि वो अपना काम कर रही है और आज भारत सरकार ने वो काम कर दिखाया है। जिनके लाल चले गए हैं उनका जीवन तो वापस नहीं आ सकता, लेकिन मैंने जो बात उस समय कही थी ये जवाब ऐसा हो कि भविष्य में कुछ इस तरह की कायराना हरकतें और बुजदिली करने का कोई साहस न करे। इसे लेकर भारत सरकार ने जो यह कदम उठाया है, बहुत सही किया है। उनके 9 ठिकानों पर जो ये प्रहार किया है उनके जेहन में गूंजता रहेगा और वो आगे ऐसा करने की सोचेंगे भी नहीं।

"उन सभी को श्रद्धांजलि दी गई है, जिन्होंने अपनी जान गंवाई"

लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की मां आशा नरवाल ने कहा, "मेरा पूरा परिवार मोदी साहब के साथ है, जिन्होंने आज बदला लिया है। मैं सशस्त्र बलों के जवानों से कहना चाहती हूं कि वे आगे बढ़ते रहें। आज उन सभी को श्रद्धांजलि दी गई है, जिन्होंने अपनी जान गंवाई।"

"हिमांशी बार-बार पूछती थी कि कब बदला लिया जाएगा"

वहीं, विनय नरवाल के ससुर सुनील स्वामी ने कहा, "हमें अच्छी खबर मिली है, हम इंतजार कर रहे थे, हिमांशी बार-बार पूछती थी कि कब बदला लिया जाएगा। मुझे विश्वास है कि सरकार ने यह कदम उठाया है और हम सरकार पर पूरा विश्वास रखते हैं। हमें उम्मीद है कि अब बड़ा एक्शन लिया जाएगा, ताकि भविष्य में कोई बहन या बेटी का 'सिंदूर' न मिटे। हमारा पूरा परिवार और देश इस कदम से राहत महसूस करेगा।" उन्होंने आगे कहा, "यह 'ऑपरेशन सिंदूर' है, क्योंकि इन आतंकवादियों ने जानबूझकर पुरुषों को मार डाला और महिलाओं को छोड़ दिया, ताकि उनके 'सिंदूर' को मिटाया जा सके। हमें एक निर्णायक और अंतिम कार्रवाई चाहिए, ताकि हमारे दुश्मन पूरी तरह से नष्ट हो जाएं।"

पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर भारत का हमला 

बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले का जवाब देते हुए भारतीय सेना ने PoK के मुजफ्फराबाद समेत पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को मिसाइल हमले से तबाह कर दिया। इस हमले के बाद से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। इस हमले में कुल मिलाकर 100 से ज्यादा आतंकवादियों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के कम से कम 30 आतंकी मारे गए हैं। मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। भारत ने पाकिस्तान के सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है।

ये भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।