1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. पत्नी से अवैध संबंध का शक... दोस्त ने बीयर पार्टी के बहाने बुलाया, सिर में रॉड मारकर कर दी जितेंद्र की हत्या

पत्नी से अवैध संबंध का शक... दोस्त ने बीयर पार्टी के बहाने बुलाया, सिर में रॉड मारकर कर दी जितेंद्र की हत्या

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 11, 2026 10:50 pm IST,  Updated : Sep 11, 2026 10:50 pm IST

हरियाणा के रेवाड़ी में पुलिस ने जितेंद्र हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। गांव कमालपुर निवासी प्रवीण उर्फ पपला को शक था कि जितेंद्र का उसकी पत्नी से अवैध संबंध है। इसी रंजिश में उसने अपने भतीजे अमन कुमार के साथ साजिश रचकर जितेंद्र को बीयर पार्टी के बहाने बुलाकर हत्या कर दी।

जितेंद्र हत्याकांड...- India TV Hindi
जितेंद्र हत्याकांड में दोस्त और उसका भतीजा गिरफ्तार। Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में पुलिस ने जितेंद्र हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। पत्नी से अवैध संबंध का शक ही हत्या की मुख्य वजह बनकर सामने आया है। सीआईए रेवाड़ी और मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव कमालपुर निवासी प्रवीण उर्फ पपला और अमन कुमार के रूप में हुई है।

ASP दीपिका अग्रवाल ने बताया कि गत 7 सितम्बर को पुलिस को सूचना मिली थी कि HPCL रिफाइनरी के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। माडल टाउन पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण करने के लिए सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।

मृतक की जेब से बरामद हुआ था आईफोन

मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से गहरी चोट के निशान थे और काफी खून बहा हुआ था। मृतक की पैंट की जेब से एक आईफोन बरामद हुआ। शव की पहचान 40 वर्षीय जितेन्द्र निवासी गांव कमालपुर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के चाचा उत्तम सिंह ने पुलिस को दिए बयान में उनके ही गांव के प्रवीण उर्फ पपला सहित उसके एक अन्य साथी पर जितेन्द्र के सर पर चोट मारकर हत्या करने का संदेह जताया था, जिस पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

प्रवीण ने किया पूरी कहानी का खुलासा

एएसपी ने बताया कि जांच के दौरान सीआईए व थाना माडल टाऊन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों प्रवीण उर्फ पपला और अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रवीण उर्फ पपला ने वारदात की पूरी कहानी का खुलासा किया। प्रवीन ने बताया कि उसे संदेह था कि मृतक जितेंद्र का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। इसी रंजिश के चलते उसने जितेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। घटना वाले दिन उसने जितेंद्र को बीयर पार्टी के बहाने गांव कमालपुर स्थित शराब के ठेके पर बुलाया। वहां से दोनों ने नहर की पुलिया पर बैठकर बीयर पी। इसके बाद आरोपी प्रवीण, जितेन्द्र के साथ अपने भतीजे अमन कुमार को मिंडा कंपनी से लेने चला गया।

लोहे की भारी रॉड से सिर पर हमला

अमन को साथ लेकर तीनों गाड़ी में सवार होकर रिफाइनरी के पास गांव सुनसान रास्ते पर पहुंचे, जहां उन्होंने फिर से बियर पी। इस दौरान जब जितेंद्र शौच करने के लिए नीचे उतरा तो प्रवीण ने पीछे से गाड़ी में रखी लोहे की भारी रॉड से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान उसका भतीजा अमन आने जाने वाले लोगों की निगरानी करता रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अमन के साथ गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल गाड़ी, लोहे की रॉड व अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें। बता दें कि 2 दिन पहले रेवाड़ी पुलिस ने एक और युवक के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाई थी।

(रिपोर्ट- संजय कौशिक)

यह भी पढ़ें-

गुरुग्राम में घर में घुसकर PG संचालक के सिर पर मारी गई गोली, वारदात के समय पत्नी और दोस्त थे मौजूद

पड़ोस के परिवार को जिंदा जलाने की थी साजिश, आग की चपेट में आकर खुद महिला की हुई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।