1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. रोहतक में AC फटने से जूतों के शोरूम में लगी भीषण आग, चपेट में आई कई दुकानें; तीन शव बरामद

रोहतक में AC फटने से जूतों के शोरूम में लगी भीषण आग, चपेट में आई कई दुकानें; तीन शव बरामद

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 09, 2026 11:09 pm IST,  Updated : Jun 09, 2026 11:09 pm IST

रोहतक में जूतों के एक शोरूम में एसी का कंप्रेशन फटने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कई दुकानों को चपेट में ले लिया। किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।

जूतों के शोरूम में लगी आग।- India TV Hindi
जूतों के शोरूम में लगी आग। Image Source : REPORTER INPUT

रोहतक: शहर के डी-पार्क स्थित व्यस्त बाजार में मंगलवार दोपहर एक जूतों के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की करीब 10 से 12 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोगों के जले हुए शव बरामद किए गए हैं, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चलता रहा। मृतकों की पहचान कपिल, अमन और सौरभ के रूप में हुई है। सौरभ शोरूम का मालिक था, जबकि कपिल और अमन दुकान में काम करते थे।

एसी कंप्रेसर में हुआ ब्लास्ट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत रोहतक शहर के सबसे पॉश इलाके के डी-पार्क मार्केट स्थित "रोहतक शूज" के तीन मंजिला शोरूम में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और दुकानदारों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच एसी कंप्रेसर में ब्लास्ट होने के बाद आग लगी, जिसने कुछ ही देर में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। शोरूम में रखे जूते व अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैली और आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए रोहतक के अलावा अन्य जिलों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

मौके पर पहुंचे अधिकारी और सांसद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) समरदीप सिंह, जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आईजी समरदीप सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस बीच, रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुडा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदारों तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और प्रभावितों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

करोड़ों के नुकसान का अनुमान

बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आई अधिकांश दुकानें जूतों की थीं, जबकि कुछ अन्य दुकानों में अंडरगारमेंट्स और जूस कारोबार से संबंधित प्रतिष्ठान शामिल हैं। आग के कारण करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। डी-पार्क इलाके की यह मार्केट नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुडा के आवास के निकट स्थित है। पूरे इलाके में देर शाम तक राहत एवं जांच का कार्य जारी रहा, जबकि प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है। (इनपुट- सुनील कुमार)

यह भी पढ़ें-

नहाने गए पांच दोस्तों की एक साथ डूबने से हुई मौत, आखिरी सेल्फी आई सामने; सभी के शव बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।