1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. नूंह में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पकड़ा था अपराधी, ग्रामीणों ने हमला करके हिरासत से छुड़ाया

नूंह में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पकड़ा था अपराधी, ग्रामीणों ने हमला करके हिरासत से छुड़ाया

 Published : May 29, 2026 07:59 am IST,  Updated : May 29, 2026 07:59 am IST

हरियाणा के नूंह में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी शाहिद और उसके साथी को गिरफ्तार किया, लेकिन ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस पर हमला कर शाहिद को छुड़ा लिया। बाद में पुलिस ने शाहिद के साथी वारिस को पकड़ा और उसके पास से देसी कट्टा बरामद किया गया।

Nuh police encounter, Shahid Advani gangster, Haryana crime news, Nuh violence- India TV Hindi
हरियाणा में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार अपराधी शाहिद फरार हो गया। Image Source : INDIA TV

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में बुधवार रात पुलिस और ग्रामीणों के बीच उस समय तनाव पैदा हो गया, जब पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी और उसके साथी को गिरफ्तार किया। आरोप है कि इसके बाद पास के गांव से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई की और मुख्य आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात की है जब घूसपैठी गांव के लोगों की भारी भीड़ मौके पर पहुंच गई और उन्होंने कथित तौर पर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई।

शाहिद को पकड़ने के लिए हो रही छापेमारी

नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस की टीमें कुख्यात अपराधी शाहिद को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक शाहिद नूंह जिले में सक्रिय एक बड़ा अपराधी और गैंगस्टर है, जो कई गंभीर मामलों में शामिल एक संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने बताया कि हंगामे और अफरा-तफरी के बीच एक ग्रामीण ने यह दावा भी किया कि पुलिस और गौरक्षकों ने उसे गोली मार दी है। हालांकि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ बताया।

शाहिद के कब्जे से देसी कट्टा हुआ बरामद

घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद शाहिद के साथी वारिस को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। शाहिद और वारिस दोनों नूंह जिले के खरखड़ी गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में सदर तावडू थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। FIR में पुलिस दल के खिलाफ भ्रामक आरोप लगाने वाले एक व्यक्ति समेत 3 लोगों को नामजद किया गया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी शाहिद की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।