कुछ लोगों को सुबह-सुबह आंखों में सूजन आ जाती है, चेहरा फूला हुआ नजर आता है। इसका कारण देर तक जागना, नींद पूरी न होना और सोने की गलत पॉजिशन भी हो सकती है। हालांकि इसे सिर्फ यहीं तक ही सीमित नहीं समझना चाहिए। लंबे समय तक चेहरे पर सूजन आना किडनी की बीमारी का भी इशारा हो सकती है। इस स्थिति को गंभीर स्वास्थ्य समस्या मानकर तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन डिपार्टमेंट के प्रोफेसर डॉ भुमेश त्यागी के अनुसार कई बार हम किडनी की बीमारी को सिर्फ पेशाब में आ रहे बदलावों से जोड़कर देखते हैं, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। किडनी फंक्शन में खराबी आने या किडनी की सेहत प्रभावित होने से शरीर के दूसरे अंगों में भी कुछ लक्षण दिखाई दे सकते हैं। सबसे शुरुआती संकेतों में से एक आंखों के आसपास सूजन हो सकती है, खासकर सुबह के समय। हम इसे पेरिऑर्बिटल पफीनेस कहते हैं, और यह तब हो सकता है जब गुर्दे मूत्र में प्रोटीन का रिसाव शुरू कर देते हैं।
चेहरे और आंखों पर सूजन के कारण
जब किडनी खराब होने लगती हैं तो एक विशेष प्रोटीन जिसे एल्ब्यूमिन प्रोटीन कहा जाता है जो रक्त वाहिकाओं में तरल पदार्थ को बनाए रखने में मदद करता है। जब किडनी की छोटी फिल्टरिंग इकाइयां क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, तो एल्ब्यूमिन मूत्र में निकल जाता है। इससे प्रोटीन की कमी होने लगती है और टिशूज में पानी पहुंचने लगता है। अब इस कंडीशन को आपके सोने की मुद्रा और बढ़ा सकती है। जब आप सोते हैं और सीधे लेटते हैं, तो शरीर का तरल पदार्थ सॉफ्ट टिशूज में खासतौर से आंखों के आसपास जमा हो जाता है, लेकिन दिन में बाद में इसमें सुधार होने लगता है। जब आप चलते फिरते हैं तो गुरुत्वाकर्षण तरल पदार्थ को पैरों या पंजों में पहुंचा देता है। इससे चेहरे की सूजन कम लगने लगती है।
इससे और क्या परेशानी हो सकती हैं?
किडनी संबंधी समस्याओं के अलावा नींद की कमी, एलर्जी, डिहाइड्रेशन या नमकीन चीजें सूजन की समस्या को और भी बढ़ा सकती हैं। इसके साथ ही कुछ दूसरे लक्षण जैसे झागदार पेशाब आना, टखने में सूजन, थकान और ब्लड प्रेशर बढ़ना भी खतरनाक है। ऐसे में अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं, हाई ब्लड प्रेशर रहता है या किडनी की बीमारी परिवार में किसी को रही है तो सावधान रहने की जरूरत है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)