पिछले कुछ सालों में लोगों को किडनी में पथरी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। खासतौर से लोगों को गर्मी के दिनों में ये समस्या ज्यादा होने लगती है। किडनी में स्टोन बनने वाले छोटे क्रिस्टल जैसे कंकड़ होते हैं। जो कई बार बढ़ जाते हैं और इन्हें निकालना मुश्किल हो जाता है। लेकिन लोगों का मानना है कि ज्यादा पानी पीने से किडनी की पथरी को निकाला जा सकता है। आइये डॉक्टर से जानते हैं लोगों की इस धारणा में कितनी सच्चाई है और क्या वाकई पानी पीने से किडनी में होने वाली पथरी को निकाला जा सकता है।
शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन डिपार्टमेंट के प्रोफेसर डॉ भुमेश त्यागी ने बताया कि किडनी में पथरी की समस्या बढ़ती जा रही है। ऐसा उन लोगों में ज्यादा देखा गया है जो या तो कम पानी पीते हैं या किसी गर्म जगह पर रहते हैं। इससे शरीर में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ता है, जिससे पथरी बनने का खतरा बढ़ जाता है।
कैसे बन जाती है किडनी में पथरी
शरीर में जब कैल्शियम, ऑक्सालेट या यूरिक एसिड जैसे मिनरल की मात्रा टॉयलेट में जमा होकर क्रिस्टल बन जाते हैं। अगर आप कम पानी पीते हैं तो पेशाब बहुत गाढ़ा हो जाता है, और यहीं से समस्या शुरू होती है। इसका बड़ा कारण डिहाइड्रेशन है तो क्या ज्यादा पानी पीने से ये मिनरल शरीर से बाहर निकल सकते हैं?
किडनी की पथरी को पानी से निकाला जा सकता है?
किडनी में पथरी के खतरे को कम करने में पानी एक महत्वपूर्ण है। पानी मूल रूप से आपके पेशाब को पतला रखता है, जिससे पथरी बनाने वाले कणों को आपस में चिपकने का मौका नहीं मिलता। ये पथरी से बचने का सबसे अच्छा तरीका है। हालांकि पानी से सभी तरह की पथरी निकल जाएं ऐसा जरूरी नहीं है। ये कोई जादुई उपाय नहीं है। ज्यादा पानी पीने से आप सिर्फ बहुत छोटी पथरी को ही प्राकृतिक रूप से निकाल सकते हैं। अगर पथरी का साइज 5 मिमी से छोटा है तो हो सकता है कि ज्यादा पानी पीने से ये पेशाब के जरिए बाहर निकल जाए। लेकिन पानी न तो पथरी को पिघलाता है और न ही बड़ी पथरी को तोड़कर बाहर निकाल सकता है।
किडनी स्टोन का इलाज
किडनी स्टोन में मरीज को कई बार अचानक से तेज दर्द होता है। अगर आपको लंबे समय से इंफेक्शन है और कब्ज है को डॉक्टर को दिखाएं। बड़े साइज की पथरी को निकालने के लिए डॉक्टर आपको सही दवा, वेव थेरेपी या कोई छोटी सर्जरी कराने की सलाह दे सकते हैं।
पथरी से बचने के लिए कितना पानी पीना चाहिए?
शरीर में पथरी बनने से रोकने के लिए रोजाना आपको 10-12 गिलास पानी पीना चाहिए। पानी सिर्फ किडनी स्टोन ही नहीं शरीर को कई बीमारियों से बचाता है। आपको अपने पेशाब का रंग जरूर देखना है। अगर पेशाब साफ या हल्के पीले रंग का है तो आप सही मात्रा में पानी पी रहे हैं। आपको रोजाना कम से कम दो से ढाई लीटर पेशाब करने का टारगेट रखना चाहिए।