हार्ट अटैक के लक्षणों को नजरअंदाज करना या समय पर सही इलाज न मिल पाने की वजह से लोगों की जान ज्यादा जा रही हैं। भारत सेमत दुनियाभर में लोगों को हार्ट से जुड़ी बीमारियों के बारे में जागरुक किया जा रहा है। कई एडवांस टेस्ट आ चुके हैं जिससे समय रहते हार्ट की कंडीशन के बारे में पता लगाता जा सकता है। इतना ही नहीं हमारा शरीर भी हार्ट अटैक आने से पहले कुछ संकेत देता है जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सामान्य से दिखने वाले ये लक्षण हार्ट अटैक की आहट हो सकते हैं। डॉक्टर की मानें तो कई बार महीनों और 10-15 दिन पहले भी हार्ट अटैक के कुछ लक्षण महसूस होने लगते हैं। जिन्हें लोग कुछ और या बहुत सामान्य समझकर इग्नोर कर देते हैं। जानिए हार्ट अटैक आने से महीनेभर पर शरीर में क्या लक्षण दिखाई देते हैं।
डॉक्टर संजीव चौधरी (चेयरमेन, कार्डियोलॉजी, मैरिंगो, एशिया अस्पताल, गुरुग्राम) से हमने इस बारे में बात की और जाना कि शरीर हार्ट अटैक से पहले क्या संकेत देता है। जिससे एक आम इंसान आसानी से समझ सके कि दिल की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है।
हार्ट अटैक से महीनेभर पर दिख सकते हैं ये लक्षण
डॉक्टर संजीव चौधरी की मानें तो अगर आपको काम करने पर थकान महसूस हो रही है, सांस फूल रही है या जबड़े में हल्का दर्द हो रहा है या फिर सीने में हल्का दर्द हो रहा है तो ये हार्ट अटैक आने से पहले के लक्षण हो सकते हैं। अगर ये लक्षण एक्सरसाइज और एग्जर्शन के साथ बढ़े और आराम करने पर ठीक हो जाए, तो एक बार डॉक्टर को जरूर दिखाना चाहिए।
हार्ट अटैक से पहले शरीर के संकेत
अगर आप बहुत ज्यादा थकान महसूस कर रहे हैं बिना किसी वजह के और छोटे से काम पर भी तो इस पर भी ध्यान देना चाहिए। कई बार लोग सीने में जलन या भारीपन को गैस या एसिडिटी का कारण मान लेते हैं और उसका इलाज खुद से करते रहते हैं। ये भी हमें समझना चाहिए। इसमें सबसे जरूरी ये है कि कोई भी एक्शन अगर आपको एक्सरसाइज या काम करने से बढ़ता है और आराम करने पर ठीक हो जाता है तो आप उसे हमेशा कार्डियक लक्षण मानें। हार्ट अटैक का एक संकेत मानें और उसके लिए अपने डॉक्टर से बात करें।
ये भी हो सकते हैं हार्ट अटैक के लक्षण
अगर आपको चलने फिरने पर सीने में दर्द होना, सीने में जलन होना, थकान होना, थोड़ी सांस फूलना, जबड़े में दर्द होना, कंधे में दर्द होना ऐसे लक्षण अगर काम करते वक्त महसूस हों और आराम करने पर एकदम से रिलेक्स हो जाएं। तो इन लक्षणों को भूलकर भी नजरअंदाज न करें। डॉक्टर को दिखाने से आप हार्ट अटैक के खतरे से बच सकते हैं।
हार्ट अटैक के कारण और बचाव
हार्ट अटैक के कई कारण हो सकते हैं जिसमें सिगरेट पीना, हाई कोलेस्ट्रॉल, हाई शुगर, हाई ब्लड प्रेशर भी हो सकता है। तनाव या खराब लाइफस्टाइल भी बड़ा कारण है। इसके लिए नियमित रूप से जांच कराते रहें और स्वस्थ आदतों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। '
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)