1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. बरसात में सड़ने गलने लगे हैं नाखून तो कर लें ये उपाय, नाखूनों में इंफेक्शन को फैलने से बचाने में मिलेगी मदद

बरसात में सड़ने गलने लगे हैं नाखून तो कर लें ये उपाय, नाखूनों में इंफेक्शन को फैलने से बचाने में मिलेगी मदद

 Written By: Bharti Singh
 Published : Aug 19, 2025 07:43 am IST,  Updated : Aug 19, 2025 07:43 am IST

Best Home Remedy For Nail Fungal Infection: बारिश में पैर और नाखून गीले रहने की वजह से इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। कई बार गीले जूते पहनने से नाखूनों में फंगल इंफेक्शन होने लगता है। नाखूनों को हेल्दी बनाने के आप ये आयुर्वेदिक उपाय अपना सकते हैं।

पैर के नाखून में इंफेक्शन दूर करने के उपाय- India TV Hindi
पैर के नाखून में इंफेक्शन दूर करने के उपाय Image Source : FREEPIK

साफ सुधरे और सुंदर नाखून हाथ पैरों की खूबसूरती बढ़ा देते हैं। लड़कियां अपने नेल्स का बहुत ख्याल रखती हैं। लेकिन बरसात के मौसम में सभी को नाखूनों का ख्याल रखना चाहिए। क्योंकि इस मौसम में पैरों में फंगल इंफेक्शन का खतरा काफी बढ़ जाता है। पुरुषों के लिए मुश्किल और भी बढ़ जाती है क्योंकि वो अक्सर जूते पहनकर रखते हैं। ऐसे में बारिश में जूते गीले होने की वजह से या कई बार पैर गीले होने के कारण नाखूनों में इंफेक्शन होने लगता है। नाखून सड़ने और गलने लगते हैं जिससे पैरों में दर्द और पस पड़ने की समस्या हो सकती है। अगर समय रहते फंगल इंफेक्शन पर ध्यान न दिया जाए तो इससे नाखून टूट सकता है। कई बार नाखून का रंग पीला पड़ जाता है। नेल्स काले होने लगते हैं या पतले होकर टूट जाते हैं। इसके लिए कुछ आयुर्वेदिक उपाय कर सकते हैं जो नेल्स को हेल्दी और मजबूत बनाते हैं।

नाखून में फंगल इंफेक्शन क्यों होता है

फंगस गर्म, नमी वाली जगह और अंधेरे वाली जगह पर पनपती है। यानि अगर आप पूरे समय जूते पहनकर रखते हैं। गीले पैरों में ही जूते पहन लेते हैं या जूते गीले हों और आप उन्हें लंबे समय तक पहने रहें तो फंगल इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। कई बार साफ सफाई का ख्याल न रखा जाए तो भी ऐसा हो सकता है। कुछ लोगों के नाखून त्वचा में घुसने लगते हैं जिससे इंफेक्शन बढ़ सकता है। कई बार लंबे समय तक नेल पेंट लगाए रखने या खराब क्वालिटी का नेल पेंट लगाए रखने से भी ऐसा हो सकता है।

नाखून में फंगल इंफेक्शन होने पर क्या करें

इसके लिए आप एक आसान और असरदार घरेलू नुस्खा अपना सकते हैं। आपको सरसों के तेल में कुछ चीजें डालकर एक तेल बनाकर तैयार करना है। इसे नाखूनों पर लगाना है। तेल बनाने के लिए 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल, 3-4 कलियां लहसुन लें और कूट लें। आधा चम्मच मेथी के दाना, 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर लें और एक चुटकी हींग लें। अब तेल को गर्म होने के लिए रख दें। इसमें लहसुन, मेथी, हल्दी और हींग मिला दें। 2 मिनट तक पकाएं और फिर गैस बंद करके तेल को ठंडा होने दें।

नाखूनों पर कौन सा तेल लगाएं?

तैयार किए गए तेल को हल्का गुनगुना ही नाखूनों और आसपास की त्वचा पर लगाएं। आपको दिन में 2-3 बार इस तेल को लगाना है। अगर ज्यादा दर्द नहीं है तो तेल से हल्की मालिश भी कर सकते हैं। ऐसा आपको 10-15 दिनों तक लगातार करना है। इससे नाखून में होने वाला इंफेक्शन दूर होगा।

नाखून गलने और इंफेक्शन दूर करने के उपाय

  • सरसों का तेल लगाने से ब्लड सर्कुलेशन अच्छा होता है। इसमें पाए जाने वाले एंटीफंगल गुण फंगस और इंफेक्शन को दूर करते हैं।
  • लहसुन को सरसों के तेल में मिलाकर लगाने से ये नेचुरल एंटीऑक्सीडेंट का काम करता है।
  • मेथी दाना आपके नाखूनों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।
  • हल्दी इंफेक्शन को दूर करने और सूजन को कम करने में असरदार है। हल्दी में हीलिंग प्रॉपर्टीज पाई जाती हैं।
  • हींग भी किसी भी तरह के संक्रमण और दर्द को कम करने में असरदार साबित होती है।

अगर इंफेक्शन बढ़ रहा है और नाखून निकलने की स्थिति हो सकती है। तो आपको डॉक्टर को दिखाना चाहिए। स्थिति ज्यादा बिगड़ने पर सिर्फ घरेलू उपाय काम नहीं कर पाते हैं।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।