मानसून के दस्तक देते ही गर्मी से राहत मिल जाती है, लेकिन बारिश के मौसम में बढ़ती उमस सबसे ज्यादा परेशान करती है। भले ही लोग मानसून को रोमांटिक मौसम मानते हों, लेकिन ये बीमारियों का भी मौसम है। इस मौसम में जगह-जगह जलभराव हो जाता है। मच्छर पनपने लगते हैं और खाना बहुत जल्दी खराब होता है। कई बार गर्मी और धूप बर्दाश्त से बाहर हो जाती है। मानसून में लोग रातभर एसी चलाकर सोते हैं जिससे पसीना और चिपचिपाहट से तो आराम मिल जाता है लेकिन एसी में रातभर सोने से कुछ नुकसान भी होने लगते हैं।
शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन डिपार्टमेंट के प्रोफेसर डॉक्टर भुमेश त्यागी ने बताया कि मानसून में एस नमी को कम करके और घर के अंदर की हवा को बेहतर बनाता है। लेकिन एसी की सही देखभाल न करने और रातभर चलाकर सोने से कुछ नुकसान भी हो सकते हैं। इसलिए एसी को सही तापमान पर ही चलाकर सोना चाहिए। ज्यादा ठंडक परेशानी बढ़ा सकती है।
मानसून में कितने टेंपरेचर पर चलाना चाहिए AC
मानसून में मौसम में काफी ज्यादा नमी होती है। इस मौसम में कूलिंग भी ज्यादा जल्दी होती है। इसलिए बहुत कम तापमान पर एसी नहीं चलाना चाहिए। आप कुछ घंटों के लिए जैसे 2-3 घंटे के लिए 25-26 पर एसी चलाकर रखें। इससे कमरे की नमी खत्म हो जाएगी और कुछ देर बाद आपको पंखे की हवा भी काफी रिलेक्सिंग लगेगी। रात में सो रहे हैं तो एसी में टाइमर लगाकर सो जाएं।
रातभर एसी में सोने से नुकसान
-
एयर कंडीशनर की हवा बहुत ठंडी होती है और कमरे में ड्राईनेस बढ़ा सकती है। इससे नाक और गले में जलन हो सकती है और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
-
अगर एसी के फिल्टर गंदे हैं तो धूल, फफूंद और बैक्टीरिया एलर्जी पैदा कर सकते हैं। इससे छींक आना, नाक बंद होना, आंखों में खुजली और खांसी हो सकती है
-
एयर कंडीशनर हवा को बहुत ठंडा कर सकते हैं, जिससे अस्थमा या पुरानी फेफड़ों की बीमारी वाले लोगों में घरघराहट, सांस फूलना और खांसी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
-
लंबे समय तक एसी रूम में रहने से हवा ड्राई हो सकती है, जिससे आंखों में सूखापन, त्वचा में जलन और होंठ फटने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
-
ठंडी हवा से नाक में जलन और जकड़न हो सकती है। अगर एसी ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो इससे हवा में नमी और फफूंद पैदा हो सकती है, जिससे साइनस के लक्षण हो सकते हैं।
-
रातभर एसी में सोने से मांसपेशियां और जोड़ अकड़ सकते हैं, खासकर यदि आपको गठिया या लंबे समय तक मसल्स की कोई समस्या है।
-
अगर कमरे में हवा का वेंटिलेशन ठीक से न हो तो एसी वाले कमरे में लंबे समय तक बैठने के बाद आपको सिरदर्द हो सकता है और थकान महसूस हो सकती है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)