लिवर कैंसर के मामले पिछले कुछ सालों में तेजी से बढ़े हैं। लिवर कैंसर एक ऐसी स्थिति है, जिसमें लिवर की सेल्स तेजी से बढ़ने लगती हैं और लिवर में ट्यूमर बनाती हैं। लिवर हमारे शरीर में खून को डिटॉक्स करने, जरूरी प्रोटीन बनाने और पाचन में सबसे ज्यादा मदद करता है। जब लिवर कैंसर पैदा होता है तो नॉर्मल लिवर कोशिकाएं उत्परिवर्तित होती हैं और असामान्य रूप से बढ़ने लगती है। जिससे लिवर के काम करने की शक्ति कम होती है। जैसे जैसे कैंसर बढ़ता है लिवर ब्लड को फिल्टर करने, बॉडी को डिटॉक्स करने और खाने को पचाने वाली अपनी क्षमता को कम कर देता है। जिसकी वजह से शरीर में ये लक्षण नजर आते हैं।
लिवर कैंसर का जल्दी पता लगाना कई बार मुश्किल हो सकता है। क्योंकि अक्सर स्थिति गंभीर होने पर ही लिवर में कुछ लक्षण नजर आते हैं। लेकिन शरीर में होने वाले छोटे-छोटे परिवर्तनों से शुरुआती लक्षणों को समझा जा सकता है और डॉक्टर से सलाह ली जा सकती है। जानिए लिवर कैंसर के शुरुआती लक्षण क्या हैं?
लिवर कैंसर के लक्षण
बिना वजह वजन कम होना- अगर आपका वजन बिना किसी बीमारी, बिना डाइट और एक्सरसाइज के अचानक कम हो रहा है तो ये लिवर के ठीक फंक्शन न करने के कारण हो सकता है। इसे लिवर कैंसर का शुरुआती लक्षण समझ सकते हैं।
भूख कम लगना- खाने में ज्यादा रुचि न होना या फिर पेट भरा सा महसूस होना, कम खाने के बाद भी पेट जल्दी भर जाना लिवर से जुड़ी समस्याओं की ओर इशारा है। तुरंत एक बार डॉक्टर को दिखाएं।
पेट के ऊपरी दाहिनी साइड दर्द- अगर आपको पेट में अक्सर दर्द रहता है जो दाहिनी साइड होता है और इसके साथ कुछ बेचैनी जैसी महसूस होती है तो ये लिवर से जुड़ी बीमारी का संकेत हो सकता है।
मतली और उल्टी आना- बिना कारण के आपको बार-बार उल्टी आने या मतली जैसा जी करता है तो लिवर की समस्या हो सकती है। ये लिवर कैंसर से जुड़ा हुआ भी हो सकता है।
पेशाब गहरे रंग का होना- अगर आपको लगातार टॉयलेट के रंग में परिवर्तन महसूस हो जैसे पेशाब का रंग गहरा पीला हो जाए तो लिवर से जुड़ी किसी बीमारी की चेतावनी हो सकती है।
बुखार और पीलापन- शरीर में बुखार रहना भी लिवर कैंसर का कारण हो सकता है। त्वचा का रंग पीला पड़ना, आंखों में पीलापन दिखन या पीलिया होना लिवर से जुड़ा है। इसलिए बिना लापरवाही के डॉक्टर को दिखाएं।
पेट में सूजन और पेट फूलना- कुछ लोगों को पेट फूलने की समस्या रहती है। ऐसा लगता है कि पेट में कुछ भारीपन जैसा है। ये पेट में सूजन के कारण हो सकता है। पेट बढ़ना या पेट मोटा होना बढ़े हुए यकृत की ओर इशारा है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)