1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शर्मनाक: अभद्र टिप्पणियों का विरोध करने पर स्कूल में घुसकर छात्राओं से मारपीट, 30 घायल

शर्मनाक: अभद्र टिप्पणियों का विरोध करने पर स्कूल में घुसकर छात्राओं से मारपीट, 30 घायल

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Oct 07, 2018 11:03 pm IST,  Updated : Oct 07, 2018 11:03 pm IST

सभी चोटिल लड़कियां जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के सुपौल में दरपखा गांव के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राएं हैं।

30 minor girls oppose lewd graffiti in Bihar school,...- India TV Hindi
30 minor girls oppose lewd graffiti in Bihar school, thrashed

सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में एक स्कूल की 30 से ज्यादा नाबालिग लड़कियों ने जब एक दीवार पर कथित तौर पर पड़ोस के एक स्कूल के लड़कों द्वारा लिखी गईं कुछ अशिष्ट टिप्पणियों का विरोध किया तो कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस अधीक्षक मृत्युंजय कुमार चौधरी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद इस मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्राथमिकी में नौ लोगों को आरोपी बनाया गया है।

सभी चोटिल लड़कियां जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के सुपौल में दरपखा गांव के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राएं हैं। घटना शनिवार शाम की है जब आवासीय विद्यालय की छात्राएं अपने परिसर में खेल रही थीं।

सुपौल के जिलाधिकारी बैद्यनाथ यादव ने बताया कि दोनों स्कूल एक ही परिसर में हैं जिनकी इमारतें अलग हैं लेकिन खेल का मैदान एक ही है। लड़कों ने कथित तौर पर लड़कियों के स्कूल की दीवार पर कुछ अभद्र टिप्पणी लिख दी थीं। लड़कियों ने इसका विरोध किया और लड़कों को पीट-पीटकर भगा दिया।

बाद में सभी नाबालिग लड़कों ने अपने माता-पिता को यह बात बताई जिसके बाद उनकी माताओं ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर स्कूल परिसर में घुसकर लड़कियों पर हमला बोल दिया। यादव ने बताया कि घटना के समय खेल के मैदान में 74 बालिकाएं थीं और उनमें से 30 को चोट आई।

डीएम ने बताया कि सभी चोटिल छात्राओं को त्रिवेणीगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 20 बालिकाओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बाकी 10 का उपचार चल रहा है और एक या दो दिन में उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत