नई दिल्ली: BJP अध्यक्ष अमित शाह ने कर्नाटक में दलित और आदिवासी समुदाय के 52 लोगों को कथित तौर पर गुलाम बनाए जाने की खबर पर आश्चर्य जाहिर करते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस-जद(एस) सरकार ‘‘मंत्रिमंडल के विस्तार में मसरूफ है।’’ शाह ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से पीड़ित लोगों की मदद करने की अपील भी की।
Related Stories
शाह ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘‘ये काफी आश्चर्यजनक है कि दलित और आदिवासी समुदाय के लोगों को गुलाम बना उन्हें बेहद अमानवीय स्थिति में कष्ट झेलना पड़ा है लेकिन कांग्रेस-जद(एस) सरकार मंत्रिमंडल के विस्तार में मसरूफ है। लोग सब देख रहे हैं। मैं अपने कार्यकर्ताओं से यातनाएं झेल रहे लोगों की मदद करने की अपील करता हूं।’’
मीडिया की खबरों के अनुसार कर्नाटक में 16 महिलाओं, चार बच्चों सहित दो समुदाय के 52 लोगों को गुलाम बनाकर, बिना वेतन दिए एक दिन में 19 घंटे काम करने के लिए मजबूर किया गया है। खबरों में कहा गया है कि इन लोगों के विरोध करने पर इन्हें पीटा जाता है और महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया जाता है।