नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने बिना लाइसेंस वाले ऐप आधारित कैब सेवाओं पर NCR क्षेत्र में पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि ओला और उबर को विशेष तौर पर प्रतिबंधित किया जाए। दक्षिण दिल्ली के सी.आर. पार्क इलाके में शनिवार रात 23 वर्षीय बेल्जियम की एक महिला से ओला कैब ड्राइवर द्वारा कथित तौर पर छेड़छाड़ करने की घटना के बाद पार्टी ने यह मांग की है।
आम आदमी पार्टी ने पूरे एनसीआर में टैक्सी कंपनियों पर 'समन्वित और कठोर कार्रवाई' की भी मांग की, ताकि कड़ा संदेश जाए कि महिला सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि नवीनतम घटना दिखाती है कि टैक्सी कंपनियां अपने ऐप पर ड्राइवरों को पंजीकृत करने से पहले उपयुक्त प्रक्रिया का पालन नहीं करती हैं।
पार्टी ने बयान जारी कर कहा, 'आम आदमी पार्टी मांग करती है कि बिना लाइसेंस वाले ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाए। खासकर ओला और उबर को पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रतिबंधित किया जाए, जब तक कि ये टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनियां सुरक्षा मानकों का पालन करने पर सहमत नहीं हो जाती हैं।'