नई दिल्ली: सार्वजनिक विमानन कंपनी एयर इंडिया ने एक नई व्यवस्था लागू की है जिसके तहत पारिवारिक सदस्यों को एक ही उड़ान में ड्यूटी करने की अनुमति नहीं होगी। यानी अगर किसी किसी उड़ान में पायलट व चालक दल के करीबी पारिवारिक सदस्यों की भी ड्यूटी है तो ऐसे पायलटों व चालक दल सदस्यों को उड़ानों के परिचालन की अनुमति नहीं होगी।
कंपनी ने उड़ान सुरक्षा का हवाला देते हुए इसे प्रतिबंधित कर दिया है। एयर इंडिया ने इस बारे में एक परिपत्र सोमवार को जारी किया। इसके अनुसार, उड़ान सुरक्षा के हित में पारिवारिक सदस्यों द्वारा एक ही उड़ान में उड़ान ड्यूटी करने को प्रतिबंधित किया गया है। यहां करीबी पारिवारिक सदस्यों से आशय पत्नी, पति, बच्चे, बहन व भाई है। कंपनी का कहना है कि अगर इस तरह ड्यूटी लग भी जाती है तो सम्बद्ध चालक दल सदस्य को इसे बदलवाना होगा।