नई दिल्ली: एकनाथ खडसे को लेकर उपजे विवाद पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में उचित कार्रवाई पार्टी तय करेगी। भाजपा के सूत्रों ने कहा कि शाह ने खडसे के खिलाफ आरोपों को गंभीर माना और राजनीतिक विरोधी भाजपा द्वारा भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने के उसके दावे को लेकर कठघरे में खड़ा कर रहे थे।
भोसारी में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम की तीन एकड़ की जमीन को करीब पौने चार करोड़ रुपए में इसके मूल मालिकों से अपनी पत्नी और दामाद के नाम पर खरीदने को लेकर खड़से विवादों में हैं। जमीन की बाजार कीमत करीब 40 करोड़ रुपए है।
बहरहाल ओबीसी नेता खड़से के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले उनके राजनीतिक रसूख का भी ख्याल रखा जा रहा है जो मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे। उन्होंने कहा है कि उन्होंने कोई गलती नहीं की। सूत्रों ने कहा कि दो विकल्प पर विचार किया जा रहा है कि या तो उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जाए या उन्हें कम महत्वपूर्ण मंत्रालय में भेजा जाए। पार्टी के एक धड़े के नेताओं का मानना है कि उन्हें दूसरे विभाग में भेजना महज दिखावे की कार्रवाई माना जाएगा।