मुंबई: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 17 जुलाई को टॉक टु एके कार्यक्रम के तहत देश भर के लोगों से संवाद स्थापित करेंगे जिसमें उनसे फोन, एसएमएस और सोशल मीडिया के जरिए सवाल किए जा सकते हैं। आप की महाराष्ट्र इकाई के संयुक्त प्रभारी आशुतोष सेंगर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, हमारे नेता (केजरीवाल) से ट्विटर, फेसबुक, फोन कॉल और एसएमएस के जरिए संपर्क किया जा सकता है जहां लोग उनसे अपने सवाल कर सकते हैं। कार्यक्रम का नाम टॉक टु एके है और यह 17 जुलाई को सुबह 11 बजे शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि सवालों और लोगों की संख्या को देखते हुए यह कार्यक्रम तीन से चार घंटों तक चल सकता है। दिल्ली सरकार ने इस संबंध में एक खास वेबसाइट भी शुरू की है जिससे लोग उनसे सीधे सवाल कर सकते हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात की तरह का होगा, सेंगर ने कहा कि एक एकतरफा संवाद नहीं होगा बल्कि इसमें बातचीत होगी क्योंकि इसका मकसद एक दूसरे के अनुभवों को जानना, सीखना और समझना है न कि अपनी निजी राय की चर्चा करना।
आप के मुंबई के आगामी नगर निगम चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में सेंगर ने कहा कि उनकी पार्टी गहन आकलन और समीक्षा करेगी। उसके बाद पार्टी तय करेगी कि वह चुनाव में शामिल होगी या नहीं।