1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की जमीन तैयार कर रही है मोदी सरकार: अशोक गहलोत

भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की जमीन तैयार कर रही है मोदी सरकार: अशोक गहलोत

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 16, 2019 06:50 pm IST,  Updated : Dec 16, 2019 06:50 pm IST

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की जमीन तैयार करने में लगी है।

Rajasthan Chief Minister Ashok Gehlot - India TV Hindi
Rajasthan Chief Minister Ashok Gehlot  Image Source : PTI

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की जमीन तैयार करने में लगी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अर्थव्यवस्था पर ध्यान नहीं दे रही। गहलोत ने नागरिकता संशोधन कानून की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘देश में खतरनाक खेल चल रहा है। हिंदू राष्ट्र बनाने की ओर देश को कैसे ले जाएं, उसके लिए जमीन तैयार की जा रही है।’’ वह अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। 

एनआरसी और संशोधित नागरिकता कानून को लेकर निशाना साधते हुए गहलोत ने कहा, ‘‘देश के लिए पहला एजेंडा अर्थव्यवस्था होनी चाहिए। उस पर सब बातें निर्भर करती हैं। उस एजेंडे के बजाय आप 370 और राष्ट्रवाद के नाम पर लोगों को भड़काने का एजेंडे लिए हो।’’ भाजपा पर धर्म आधारित राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आप धर्म के नाम पर क्यों बांट रहे हो देश को। क्या धर्म के नाम पर बांट कर देश एक रह पाएगा। मैं यह सवाल पूछना चाहता हूं। प्रधानमंत्री मोदी व गृहमंत्री शाह से मेरा एक ही सवाल है कि क्या धर्म के नाम पर देश को बांट कर मुल्क एक रह पाएगा। क्या आप हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हो?’’

गहलोत ने कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत की बात करने वाले महाराष्ट्र व हरियाणा विधानसभा चुनावों के परिणाम के बाद चुप हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस मुक्त भारत की बात आप कर रहे थे, वह आपकी दाल गली नहीं। अब आपकी बोलती बंद हो गयी। महाराष्ट्र व हरियाणा की जनता ने जो झटका दिया है, उसके बाद बोलती बंद है। कांग्रेस मुक्त भारत की बात करने वाले खुद मुक्त हो जाएंगे, यह बात मैं कई बार कह चुका हूं।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत