1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार टॉपर केस: स्कूल बोर्ड के चेयरमैन का इस्तीफा, 4 गिरफ्तार

बिहार टॉपर केस: स्कूल बोर्ड के चेयरमैन का इस्तीफा, 4 गिरफ्तार

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 08, 2016 02:27 pm IST,  Updated : Jun 08, 2016 02:27 pm IST

बिहार स्कूल बोर्ड के चेयरमैन लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने पद से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही इस स्कैम को लेकर एसआईटी ने परीक्षा केन्द्र जीए कॉलेज के प्रिसिंपल समेत चार लोगों को पकड़ा है।

bihar- India TV Hindi
bihar

नई दिल्ली: बिहार स्कूल बोर्ड के चेयरमैन लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने पद से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही इस स्कैम को लेकर एसआईटी ने परीक्षा केन्द्र जीए कॉलेज के प्रिसिंपल समेत चार लोगों को पकड़ा है। मास्टरमाइंड बच्चा राय अब भी फरार है।  इससे पहले एसआईटी ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद से पूछताछ की थी और कुछ कंप्यूटर और हार्ड डिस्क जब्त की थी।

उधर, हाजीपुर पहुंची एसआईटी की टीम ने जीए इंटर कॉलेज की केंद्राधीक्षक शैल कुमारी को हिरासत में लेकर पटना आ गयी और उनसे पूछताछ की जा रही है। टीम ने शैल कुमारी के अलावा कॉलेज के एक लिपिक को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि जीए कॉलेज में ही विवादास्पद बिशुन रॉय कॉलेज का परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

एसआईटी की टीम ने इस मामले में पटना स्थित राजेंद्र नगर बालक उच्च विद्यालय के प्राचार्य विशेश्वर यादव और शिक्षक संजीव सुमन को भी हिरासत में लिया है। राजेंद्र नगर बालक उच्च विद्यालय में ही कॉपियों का मूल्यांकन किया गया था। सभी लोगों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।

एसआईटी ने इंटर टॉपर घोटाले से जुड़े सभी कर्मचारियों और संबंधित विद्यालयों पर अपनी निगाह बनाये हुए है। सरकार ने मामला सामने आने के बाद इसकी जांच का जिम्मा एक विशेष टीम को दिया है।

विज्ञान के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ, तीसरे टॉपर राहुल कुमार और कला की टॉपर रूबी राय के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 465, 467, 468, 471और 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच विज्ञान की परीक्षा में टॉप करने वाले छात्र से पूछताछ के लिए एसआईटी की टीम ने वैशाली जिले का दौरा किया है। यह तब हुआ जब राज्य सरकार ने सोमवार को बीएसईबी द्वारा कथित अनियमितताओं की जांच के लिए गठित कमेटी को भंग कर दिया।

बीएसईबी ने शनिवार को पहले और तीसरे टॉपर का परीक्षा परिणाम रद्द कर दिया था क्योंकि दोनों दोबारा परीक्षा में फेल हो गए थे। लेकिन, आर्ट्स की टॉपर को फिर से परीक्षा देने के लिए एक और अवसर देने का निर्णय लिया और उसे 11 जून को फिर परीक्षा देने के लिए कहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत