नई दिल्ली: कोटा से BJP विधायक भवानी सिंह राजावत ने राजस्थान में शराबबंदी पर विवादित बयान दिया है। भवानी सिंह ने कहा कि, राजस्थान में शराबबंदी का मतलब है अवैध शराब को बढ़ावा देना। उन्होंने तर्क देते हुए कहा कि, सोमरस समुद्र मंथन में मिला था। साथ ही देवताओं के मंदिर में भी शराब चढ़ाई जाती है।
विधायक भवानी सिंह ने शराब को सोमरस बताते हुए कहा कि जब हमारे पूजनीय देवताओं ने मदिरापान किया है तो आम आदमी के पीने पर क्यों रोक लगे?
उन्होंने कहा, 'शराब कोई आज की बनी हुई चीज नहीं है, समुद्र मंथन के दौरान देवताओं और राक्षसों ने इसे पीया था। कहते है गुजरात में शराब बैन है लेकिन वहां की गली गली में शराब मिलती है, जहरीली शराब मिलती है। विधायक ने आगे कहा, 'राजस्थान में तो एक चमत्कारिक जगह है बवाल माता। वह जिससे खुश होती हैं, उससे शराब का प्याला पीती हैं, जिससे नहीं, उससे एक भी बूंद नहीं लेती। सरकार ने अगर शराबबंदी कहीं लागू की है तो ये लोगों की भावनाओं का दमन करना है।'
पहले भी दिया विवादित बयान:
BJP विधायक भवानी सिंह राजावत पहले भी विवादित बयान देकर मुश्किलों में हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बिहार के छात्र कोटा का माहौल खराब कर रहे हैं। दरअसल, वहां के छात्रों के एक समूह ने कथित तौर पर एक छात्र की हत्या कर दी है जिसके बाद विधायक की यह टिप्पणी आई है।
विधायक ने कहा, बिहार के छात्र शहर का माहौल खराब कर रहे हैं और उन्हें अवश्य ही शहर से बाहर किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से कई गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल हैं।