अमृतसर: बीएसएफ ने आज यहां पर भारत-पाकिस्तान सीमा पर कथित पाकिस्तानी नागरिकों द्वारा तस्करी की गयी 20 किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की । अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 100 करोड़ रूपया है। हालांकि, मादक पदार्थ के पैकेट सीमा पर लगे बाड़ के उस पार से भारतीय क्षेत्र में फेंके गए और तस्कर अंधेरे का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे।
बीएसएफ के डीआईजी आर एस कटारिया ने बताया कि यह घटना तड़के करीब साढ़े तीन बजे उस समय हुयी जब बीएसएफ के रात में गश्ती करने वाले एक दल ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक बॉर्डर आउटपोस्ट के नजदीक संदिग्ध गतिविधियां देखी।
उन्होंने बताया कि बीएसएफ के जवान तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गये और कुछ पाकिस्तानी तस्करों को भारतीय सीमा की ओर पैकेट फेंकते हुये देखा। बीएसएफ के जवानों ने जब तस्करों को चुनौती दी तो उन्होंने गोलीबारी कर दी। इस पर बीएसएफ के जवानों ने भी जवाबी गोलीबारी की लेकिन तस्कर बच निकले।
डीआईजी ने बताया कि सुबह में जब तलाशी अभियान शुरू किया गया तो 21 हेरोइन पैकेट :सभी में एक किलोग्राम: बरामद किया गया और इटली में बनी एक भरी हुयी बंदूक जब्त की गयी।