लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने समाजवादी पार्टी (सपा) के इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर दिया है, जिसमें समाजवादी सरकार ने यह दावा किया है कि उसने अपने चुनाव घोषणा पत्र में किए गए सभी वायदों को पूरा कर दिया है। समाजवादी सरकार के इस नारे को 'पूरे हुए वायदे अब हैं नए इरादे' पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने रविवार को लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में समाजवादी सरकार के चुनावी घोषणा पत्र के कई बिंदुओं पर सवाल खड़े कर दिए, जिसमें अल्पसंख्यकों की संख्या के अनुसार आरक्षण की बात भी कही गई है।
हाल ही में नेता विरोधी दल के पद से इस्तीफा देकर बसपा से बाहर होने वाले स्वामी प्रसाद मौर्या के स्थान पर दिनकर को विपक्ष का नेता बनाया गया है। दिनकर बतौर नेता प्रतिपक्ष सोमवार से शुरू हो रहे सत्र में बसपा विधायकों का नेतृत्व करेंगे। सत्र की पूर्व संध्या पर उन्होंने कहा कि वह सारे मुद्दे जो उनके सहयोगी नसीमुद्दीन सिद्दीकी बता रहे हैं, विधानसभा सत्र में जोरदार तरीके से उठाएंगे। सपा सरकार में गुंडागर्दी, डकैती, छीनैती और दुष्कर्म की घटनाएं चरम पर हैं। इन्हें लेकर उनकी पार्टी सरकार को विधानसभा के कटघरे में खड़ा करेगी।