देहरादून: उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश हो रही है। यहां पहाड़ को जोड़ने वाले हल्द्वानी शहर पानी में समा गया है। भारी बारिश से घरों और दुकानों में कई फुट पानी भर गया है। जानवरों का भी बुरा हाल है। राज्य में अगले 48 घंटों तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। एहतियात के तौर पर NDRF और SDRF के साथ-साथ पुलिस के जवानों को भी तैनात कर दिया है।
हल्द्वानी में यात्रियों से भरी बस बही
शनिवार को हल्द्वानी में 35 यात्रियों से भरी एक बस पुल पार करते वक्त पानी में बह गई। पुल से नीचे नदी में बही ये बस चोरगलिया से हल्द्वानी आ रही थी लेकिन यहां नाले को पार करते वक्त बस पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई और पांच यात्री बुरी तरह से घायल हो गए। यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया।
भारी बारिश से राज्य में बिगड़े हालात
उत्तराखंड में लगातार आफत की बारिश से जबरदस्त नुकसान हुआ है। रूद्रप्रयाग में बारिश से सड़कों भारी नुकसान पहुंचा है, गंगोत्री में सड़कें लगभग खत्म हो गई हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ में पहाड़ों के खिसकने से हाईवे पर जगह-जगह मलबा आ गया है। प्रशासन ने फिलहाल केदारनाथ यात्रा पर रोक लगा दी है और यात्रियों को जोशीमठ,पाडुकेश्वर में रोका गया है।
Also read:
उत्तरखंड में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में राज्य के पहाड़ी इलाकों खासतौर पर आपदा की दृष्टि से जोखिम भरे पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमौली और रूद्रप्रयाग जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है।
उत्तराखंड की बारिश का UP पर असर
उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण यूपी के मुरादाबाद, बरेली, रामपुर सहित कई निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। इस बीच बिहार में भी आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
देखिए वीडियो-