1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर में ठंड से जनजीवन प्रभावित, मैदानी इलाकों में घना कोहरा

हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर में ठंड से जनजीवन प्रभावित, मैदानी इलाकों में घना कोहरा

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 31, 2017 11:36 pm IST,  Updated : Dec 31, 2017 11:36 pm IST

राजधानी दिल्ली में 150 से अधिक उड़ानें विलंबित हुईं, करीब 50 के मार्ग बदले गए और 20 रद्द करनी पड़ी...

cold- India TV Hindi
cold

नई दिल्ली: उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में शीत लहर जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की घनी चादर छायी हुई है जिससे आज हवाई, रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ। राजधानी दिल्ली में 150 से अधिक उड़ानें विलंबित हुईं, करीब 50 के मार्ग बदले गए और 20 रद्द करनी पड़ी। इस मौसम के ‘‘सबसे ज्यादा’’ कोहरे के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता का स्तर 50 मीटर हो गया।

हवाई अड्डे के एक अधिकारी के अनुसार सैकड़ों यात्री फंस गए क्योंकि सुबह साढ़े सात बजे से पूर्वाह्न 11.05 बजे तक कोई उड़ान रवाना नहीं हो पायी। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के लिए न्यूनतम दृश्यता 125 मीटर है। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार खराब दृश्यता के चलते 15 ट्रेनें रद्द हुई, 57 विलंबित हुईं और 18 का समय पुन:निर्धारित किया गया।

दोपहर में चमकीली धूप निकली जिसके कारण पारा 23.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शहर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर में पारे का गिरने का क्रम जारी रहा। लद्दाख के लेह में इस वर्ष का रात का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया जो कि शून्य से 15.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। श्रीनगर में शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में पारा शून्य से नीचे चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला और आसपास के क्षेत्रों में शीतलहर चल रही है और आसमान आच्छादित था जिससे नए वर्ष की शुरूआत बर्फबारी से होने की उम्मीद जगी है।

कीलोंग में पारा गिरकर शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। सोलन में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस, शिमला में 4, पालमपुर में 4.5, उना में 5.6, धर्मशाला 6.2 और नाहन में 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली सर्दी और बर्फीली हवा चलने के कारण राजधानी लखनऊ समेत सूबे के अधिकतर हिस्सों में लोग बेहाल हैं। राज्य के विभिन्न भागों में सुबह और रात में घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित हुआ है। वाराणसी, इलाहाबाद, कानपुर, झांसी और आगरा में दिन के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई।

लखीमपुर खीरी राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। फतेहपुर शेखावटी में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं माउंट आबू में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रहा।

पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पंजाब में आदमपुर तथा हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस जबकि फरीदकोट में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उधर, बिहार में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है। प्रदेश की राजधानी पटना और गया में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। नववर्ष पर कल पटना और गया में कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया कि दोपहर तक धूप निकल सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत