नई दिल्ली: दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को उनके व्यक्तिगत नंबर पर किसी ने एसएमएस के जरिए जान से मारने की धमकी दी है। एसएमएस भेजने वाले ने लिखा है कि वह नेता की हत्या करने के लिए ‘‘विवश’’ है। तिवारी ने कहा कि इस अज्ञात व्यक्ति ने जरुरत पड़ने पर प्रधानमंत्री की हत्या करने की बात भी कही है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पुलिस को इस खतरे के संबंध में जानकारी दे दी है।’’
Related Stories
हिन्दी में भेजे गए इस एसएमएस में भेजने वाले ने इस बात के लिए माफी मांगी है कि उसे बेहद मजबूरी में तिवारी की हत्या का फैसला लेना पड़ा है। दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रभारी नीलकांत बख्शी ने कहा कि जल्दी ही इसकी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि तिवारी के निजी फोन पर शुक्रवार दोपहर 12 बजकर 52 मिनट पर यह एसएमएस आया। उन्होंने यह एसएमएस शनिवार की शाम में देखा और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में कोई बयान नहीं दिया गया है।