नई दिल्ली: देश भर में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी के बीच कई राज्यों में हुई हल्की बारिश ने लोगों को राहत की सांस दी है। यूपी में बीते 24 घंटे में हुई हल्की बारिश ने कुछ देर के लिए ही सही लेकिन लोगों को राहत दी है। हालांकि राजधानी में बुधवार की सुबह गर्मी का असर देखने को मिला। हिमांचल में भी बारिश की वजह से तापमान थोड़ा कम हुआ है।
यूपी में बारिश से लोगों को राहत
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में आंधी-पानी से लोगों को करीब एक पखवाड़े से पड़ रही भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। आंधी-पानी की वजह से हुए हादसों में बलिया में दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान खासकर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर खासी बारिश हुई। इस अवधि में गाजीपुर में सबसे ज्यादा चार सेंटीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। इसके अलावा लालगंज, आजमगढ़, कैसरगंज तथा मुरादाबाद में तीन-तीन सेंटीमीटर, बहराइच तथा बबेरू में दो-दो और लखीमपुर खीरी, फुरसतगंज तथा सुलतानपुर में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
बलिया से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जिले में तेज आंधी के कारण अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मृत्यु हो गई। सुखपुरा थाना क्षेत्र के ब्रमाईन गांव में मंगलवार रात तेज आंधी से एक जर्जर झोपड़ी ढह गई, जिसमें दबकर अशरफी देवी (65) नामक बुजुर्ग महिला की मृत्यु हो गई। इसके अलावा सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के बस्ती बुजुर्ग निवासी शारदा वर्मा (55) मंगलवार रात अपने घर में सोये थे, तभी अचानक शुरू हुई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक पेड़ उनके घर की दीवार पर गिर गया, जिसके मलबे में वह दब गए। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने मलबा हटाकर वर्मा को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के आगरा, बरेली, मेरठ, इलाहाबाद, कानपुर, लखनउ, मुरादाबाद तथा झांसी मण्डलों में दिन के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा फैजाबाद, कानपुर तथा गोरखपुर मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। इस अवधि में इटावा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 43 . 4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
दिल्ली में सुबह के दौरान रहा गर्मी का असर
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार सुबह के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दिन में धूल भरी आंधी या गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना व्यक्त की है। एक मौसम अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब बनी रहेगी। सुबह साढ़े आठ बजे 46 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज किया गया। मंगलवार का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
हिमाचल में बारिश के बाद तापमान गिरा
हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में व्यापक बारिश के बाद बुधवार को तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। राज्य में और बारिश होने का पूवार्नुमान जताया गया है। शिमला में बुधवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया था।
यहां से 250 किलोमीटर दूर खूबसूरत शहर कल्पा में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं धर्मशाला में पारा 28.2 डिग्री और ऊना में 40 डिग्री तक गया।मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया, "मंगलवार से मध्यम बारिश के बाद राज्य में अधिकतम तापमान 5-6 डिग्री तक घटा है।" उन्होंने कहा कि गुरुवार तक राज्य की मध्य और नीचे की पहाड़ियों पर बारिश होने की संभावना है।