1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नितिन गडकरी के 'नौकरियां नहीं हैं' बयान पर राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला

नितिन गडकरी के 'नौकरियां नहीं हैं' बयान पर राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Aug 06, 2018 12:38 pm IST,  Updated : Aug 06, 2018 12:38 pm IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार के एक मंत्री द्वारा नौकरियों की कमी होने की बात कहने पर सरकार पर निशाना साधा।

राहुल गांधी, नितिन गडकरी, कांग्रेस- India TV Hindi
राहुल ने गडकरी के बयान के जरिए केंद्र सरकार पर निशाना साधा Image Source : पीटीआई

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार के एक मंत्री द्वारा नौकरियों की कमी होने की बात कहने पर सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने एक समाचार रिपोर्ट के साथ सोमवार को ट्वीट किया। रिपोर्ट में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था कि जब नौकरियां ही नहीं हैं तो आरक्षण कैसे दें? 

Related Stories

राहुल ने ट्वीट कर कहा, "बहुत बढ़िया सवाल (नितिन) गडकरी जी। हर भारतीय भी यही सवाल पूछ रहा है। नौकरियां कहां हैं।" राहुल ने यह टिप्पणी गडकरी के उस बयान के बाद की है जिसमें उन्होंने रविवार को महाराष्ट्र में पत्रकारों से कहा था कि आरक्षण रोजगार मिलने की गारंटी नहीं हैं, क्योंकि नौकरियां घट रही हैं। 

गडकरी ने सवालिया लहजे में कहा, "चलिए मान लेते हैं कि आरक्षण दे दिया गया, लेकिन नौकरियां नहीं हैं। क्योंकि बैंकों में, आईटी की वजह से नौकरियां घट गई हैं। सरकारी भर्ती रूकी हुई है। नौकरियां कहां हैं?" उन्होंने यह भी कहा कि आरक्षण के साथ समस्या यह है,"पिछड़ापन राजनीतिक हित बन रहा है।"

गडकरी ने कहा, "एक सोच यह है कि गरीब गरीब होता है, उसकी कोई जाति, पंथ या भाषा नहीं होती। चाहे कोई भी धर्म हो..सभी समुदायों में एक ऐसा वर्ग है जिसके पास पहनने के लिए कपड़े नहीं है, खाने के लिए कुछ नहीं है।" उन्होंने आगे कहा, "एक विचार यह भी है कि हमें हर समुदाय के गरीब वर्ग का ध्यान रखना चाहिए।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत