
पूजा की मौत का गुनहगार कौन ?
इस लेटर में पूजा का दर्द छलक कर सामने आ रहा है। ये लेटर बता रहा है कि पूजा कितने दबाव में थी। इस सुसाइड नोट में पूजा ने अपने प्रोफेशन और स्टिंग को लेकर उसे कठघरे में खड़ा करने के बारे में भी लिखा है। पूजा ने साफ-साफ लिखा है कि कुछ भी करो लेकिन पत्रकार मत बनो।
ये लेटर पूजा तिवारी के दोस्त और लिव इन पार्टनर हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर अमित कुमार ने जारी किया है जो खुद भी पूजा की मौत में आरोपों के घेरे में है। बड़ी बात ये है कि पूजा का ये लेटर उसकी मौत के चार दिन बाद सामने आया है ऐसे में हरियाणा पुलिस लेटर की फॉरेंसिक जांच की बात कर रही है ताकि ये पता लगाया जा सके कि क्या ये लेटर पूजा ने ही लिखा था।
पूजा की मौत से अमित का कनेक्शन क्या ?
हालांकि पूजा के इस सुसाइड लेटर में इंस्पेक्टर अमित के साथ उसके संबंधों के बारे में कुछ नहीं है लेकिन पूजा की मौत के बाद उसके दोस्त ने जो ऑडियो जारी किया है उससे ये साफ हो रहा है कि दोनों के संबंध ठीक नहीं थे। ये ऑडियो पूजा की मौत से 60 मिनट पहले का है जिसमें पूजा अपने दोस्त भरत गुप्ता से अमित के बारे में बात कर रही है।
पूजा के दोस्त भरत गुप्ता ने भी इंडिया टीवी के कैमरे पर ये माना कि दोनों के रिश्तों में सबकुछ ठीक नहीं था। ऐसे में पूजा की मौत का सच क्या है इसका जवाब पुलिस की तफ्तीश के बाद ही सामने आएगा।