1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चलती ट्रेन से खुदकुशी करने की कोशिश, महिला अस्पताल में भर्ती

चलती ट्रेन से खुदकुशी करने की कोशिश, महिला अस्पताल में भर्ती

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 14, 2016 10:51 am IST,  Updated : Jul 14, 2016 10:58 am IST

केरल एक्सप्रेस में भोपाल से दिल्ली जा रही एक युवती द्वारा मध्यप्रदेश के डबरा के पुलिस अधीक्षक को खुदकुशी करने की कथित सूचना दिए जाने पर रेलवे पुलिस एवं प्रशासन के होश उड़ गए

indian train - India TV Hindi
indian train

 

मथुरा: केरल एक्सप्रेस में भोपाल से दिल्ली जा रही एक युवती द्वारा मध्यप्रदेश के डबरा के पुलिस अधीक्षक को खुदकुशी करने की कथित सूचना दिए जाने पर रेलवे पुलिस एवं प्रशासन के होश उड़ गए। ट्रेन मथुरा पहुंचने पर इस युवती को उतार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह रेलवे सुरक्षा बल द्वारा थाने ले जाए जाने तक बेहोश हो चुकी थी। जिला अस्पताल के डॉ. मुकुंद बंसल का कहना है कि लड़की ने जहर का सेवन नहीं किया है, वह किसी अन्य वजह से बेहोश हो गई थी।
 
पुलिस ने बताया कि युवती के कथित प्रेमी की शादी कहीं और तय कर दी थी

पुलिस को आशंका थी कि शायद युवती ने कोई विषा पदार्थ खा लिया होगा। उन्होंने बताया कि युवती के कथित प्रेमी के घरवालों ने उसकी शादी किसी और लड़की के साथ तय कर दी थी जिससे अवसादग्रस्त हो कर युवती ने यह कदम उठाया। रेलवे सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर सत्येन्द्र यादव के अनुसार, ट्रेन के एसी कोच (बी-4) में यात्रा कर रही भोपाल निवासी युवती ने बुधवार को डबरा के पुलिस अधीक्षक को फोन कर कथित तौर पर कहा था कि उसके मित्र की शादी अन्यत्र तय हो गई है इसलिए वह आत्महत्या कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ने तत्काल रेलवे पुलिस तथा प्रशासन को जानकारी दी और उसे बचाने का प्रयास करने को कहा। जब तक यह संदेश आगरा स्टेशन पर मिला, युवती ट्रेन से कूद चुकी थी। तब मथुरा आरपीएफ को यह जिम्मेदारी दी गई। मथुरा पहुंचने पर उस युवती को ढूंढकर थाने ले जाया गया। वह बेहोश हो चुकी थी। तब उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार युवती भोपाल में अपने मित्र के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म एवं धोखाधड़ी किए जाने का मुकदमा दर्ज करा चुकी है। आरपीएफ इंस्पेक्टर सत्येंद्र यादव ने बताया कि उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत