1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से भारी बारिश, 10 लोगों की मौत

उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से भारी बारिश, 10 लोगों की मौत

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 17, 2016 08:48 pm IST,  Updated : Jul 17, 2016 08:48 pm IST

उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार को एक कार पहाड़ी से हुए भूस्खलन की चपेट में आ गई, जिससे उसमें सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

Uttarakhand- India TV Hindi
Uttarakhand Image Source : PTI

देहरादून: उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार को एक कार पहाड़ी से हुए भूस्खलन की चपेट में आ गई, जिससे उसमें सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पिछले दो दिनों से उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में लगातार भारी बारिश के कारण अब तक मरने वालों की संख्या 10 हो गई। लगातार बारिश होने से गंगा, यमुना तथा उनकी सहायक नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है। पहाड़ों से मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्गों सहित प्रदेश के कई मार्ग अवरूद्ध हो गए हैं और चार धाम यात्रा और कैलाश-मानसरोवर यात्रा भी प्रभावित हुई है।

मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी प्रदेश में लगातार जारी भारी बारिश के मददेनजर रविवार को राज्य आपदा प्रबंधन और न्यूनीकरण केंद्र डीएमएमसी का दौरा किया तथा अधिकारियों को हर संभावित स्थिति के लिये तैयार रहने को कहा। टिहरी जिले में रिषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरेंद्रनगर बाइपास के पास पहाड़ से भारी भूस्खलन होने से रिषिकेश से चंबा की ओर से जा रही एक कार मलबे में दब गई। पुलिस, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और सेना के जवानों ने मलबा हटाकर कार से शवों को बाहर निकाला।

नरेंद्रनगर के उपजिलाधिकारी के. के. मिश्रा ने बताया कि हादसा दोपहर साढ़े बारह बजे भारी बारिश के बीच हुआ। मृतकों की पहचान रिषिकेश निवासी वीरेश श्रीकोटी 32, उमेश रावत 33, मुकेश गुसाईं 33 और श्याम नौटियाल 25 के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि गाड़ी मलबे में इस कदर दब गई थी कि गाड़ी को काटकर शवों को टुकडों में बाहर निकाला गया। बारिश के कारण पिले 24 घंटों में प्रदेश में हुई अलग-अलग दुर्घटनाओं में अब तक 10 लोगों की मौत हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत