1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट जारी, कई जगह पानी भरने से जनजीवन ठप, ठाणे में सभी सरकारी स्कूलों की छुट्टी

मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट जारी, कई जगह पानी भरने से जनजीवन ठप, ठाणे में सभी सरकारी स्कूलों की छुट्टी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 03, 2019 09:14 am IST,  Updated : Aug 03, 2019 12:49 pm IST

मुंबई के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हुई। जिसकी वजह से जगह-जगह पानी भर गया। जोगेश्वरी में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और पालघर के हालात बहुत खराब हैं। यहां बारिश का पानी भर जाने से जीवन थम गया है।

Heavy rainfall and waterlogged in Mumbai- India TV Hindi
Heavy rainfall and waterlogged in Mumbai Image Source : PTI

मुंबई: मुंबई के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हुई। जिसकी वजह से जगह-जगह पानी भर गया। जोगेश्वरी में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और पालघर के हालात बहुत खराब हैं। यहां बारिश का पानी भर जाने से जन-जीवन ठप हो गया है। रेल पटरियों पर जल-जमाव ने उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को कुछ हद तक प्रभावित कर दिया। लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लगभग 15 मिनट पीछे चल रही है। बारिश की वजह से ठाणे में सभी सरकारी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। 

हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने कहा कि बारिश के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर विमानों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में रातभर भारी बारिश होती रही। इसके कारण कुछ स्थानों पर जल-जमाव हो गया है। इससे कई इलाकों, विशेषकर मलाड, अंधेरी और दहिसर के कुछ हिस्सों में यातायात का प्रवाह प्रभावित हुआ है।’’ 

मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता सुनील उदासी ने कहा कि भारी बारिश के कारण उपनगरीय ट्रेनें सावधानीपूर्वक चल रही हैं। मुंबई हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन सामान्य है।’’ भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा कि पश्चिमी तट के पास मौसम की स्थिति खराब रहेगी।

इससे पहले मौसम विभाग ने मुंबई में शनिवार देर रात और रविवार को भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया था। भारतीय मौसम विभाग के मुंबई कार्यालय में मौसमविज्ञान के उप महानिदेशक के एस होसालिकर ने ट्वीट किया था कि ‘‘खाड़ी के ऊपर बन रहे कम दबाव के क्षेत्र की वजह से शनिवार रात और रविवार को मुंबई में भारी बारिश की संभावना है। इसके मद्देनजर पश्चिमी तट सहित इलाके में अलर्ट जारी किया गया है।’’ 

हालांकि, बारिश से शनिवार की रात से पहले दस्तक दे दी और कई इलाकों को जलमग्न कर दिया। मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक मौसम विभाग के सांताक्रूज केंद्र पर शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटे के दौरान 43.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसी अवधि में दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित मौसम केंद्र पर 21.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

वहीं, बारिश से बुरी तरह प्रभावित वडोदरा में अब जीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है क्योंकि विश्वामित्री नदी का जलस्तर घटना शुरू हो गया है। यह नदी मध्य गुजरात के वडोदरा शहर से होकर बहती है। अधिकारियों ने बताया कि वडोदरा में बारिश जनित घटनाओं में अब तक चार मजदूरों समेत छह लोग मारे गये हैं। भारी बारिश के बाद बाढ़ की वजह से वडोदरा शहर और उसके आस-पास के इलाकों से 5,700 से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत