1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. त्रिपुरा और मिजोरम में मॉनसूनी बारिश का कहर, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

त्रिपुरा और मिजोरम में मॉनसूनी बारिश का कहर, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 13, 2018 10:58 pm IST,  Updated : Jun 14, 2018 04:09 pm IST

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तकरीबन पूरे पूर्वोत्तर में दस्तक दे चुका है और झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मूसलधार बारिश ने त्रिपुरा और मिजोरम में कहर बरपाया है।

North east rain- India TV Hindi
North east rain

अगरतला/गुवाहाटी/आइजोल: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तकरीबन पूरे पूर्वोत्तर में दस्तक दे चुका है और झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मूसलधार बारिश ने त्रिपुरा और मिजोरम में कहर बरपाया है। अधिकारियों के मुताबिक, त्रिपुरा में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं और अनेक गांव व घर जलप्लावित हो गए हैं। अलग-अलग जगहों पर चार लोगों की मौत हो चुकी है। त्रिपुरा की कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है और धान के खेतों में काफी पानी भर गया है। अधिकारियों के अनुसार, त्रिपुरा और मिजोरम में कई जगहों पर भूस्सखलन के कारण यातायात बाधित हैं।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने राज्य के उत्तरी भागों के प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और भारी बारिश से पैदा हुई स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से निचले इलाके से निकलकर सुरक्षित ठिकानों या राहत शिविरों में जाने की अपील की। त्रिपुरा आपदा प्रबंधन नियंत्रण केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि भूस्सखलन, पेड़ गिरने और बाढ़ के पानी से प्लावित नदियों में मछली पकड़ने के दौरान दो उम्रदराज और एक किशोर समेत चार लोगों की मौत हो गई है।

उन्होंने बताया कि ज्यादातर उत्तरी त्रिपुरा स्थित तकरीबन 200 राहत शिविरों में 6,500 परिवारों के 1,500 से अधिक लोगों ने बुधवार दोहपर तक शरण ली थी। अधिकारी ने बताया, "बाढ़ में फंसे लोगों को निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाने के लिए हमने पवन हंस हेलीकॉप्टर का तैयार रखा है और भारतीय वायुसेना से दो और हेलीकॉप्टर की मांग की है।" मिजोरम की सरकार ने एक विज्ञप्ति में कहा कि रविवार रात से जारी भारी बारिश ने प्रदेश में भारी तबाई मचाई है।

सरकार ने कहा, "बाढ़ प्रभावित इलाकों से सैकड़ों परिवारों को खाली करवाया गया है। कई रिहायशी इलाके, धान के खेत, सड़क और निचले इलाके बाढ़ में जलप्लावित हो गए हैं।" सरकार ने कहा, "आइजोल और प्रदेश के अन्य हिस्सों में मूसलधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ जाने से बिजली आपूर्ति बाधित है।" पिछले सप्ताह राज्य के लुंग्लेई जिले के लुंग्लावन में भूस्सखलन के दौरान 10 लोगों की मौत हो गई और नाबालिग समेत चार लोग घायल हो गए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत