नई दिल्ली: 9 फरवरी को JNU में देशद्रोही नारे लगाने वाले नकाबपोश पर बड़ा खुलासा हुआ है। ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के मुताबिक, वीडियो में उमर खालिद के साथ नकाब पहने नज़र आ रहे युवक का नाम मुजीब गट्टू है। शुक्रवार को एकेडमिक काउंसिल की बैठक में जब मुजीब गट्टू नजर आया तो ABVP के छात्रों ने बताया कि ये वही छात्र है, जो उस रात चेहरा ढककर कैंपस में नारे लगा रहा था। वीडियो में कुछ छात्र देश विरोधी नारे लगाते हुए देखे गए थे और उसमें से एक शख्स चहरे पर रुमाल बांधकर सबसे ज्यादा नारे लगा रहा था। बताया जा रहा है कि एक बार फिर वो चेहरा JNU में देखा गया है। उसका नया वीडियो भी सामने आया है।
9 फरवरी के वीडियो उमर खालिद के साथ जब उस रात जेएनयू कैंपस में कुछ छात्र देश विरोधी नारे लगा रहा थे, तो उसमें मुजीब गट्टू भी अपने आधे चेहरे को रुमाल से ढंककर पहुंचा था। मुजीब गट्टू JNU का छात्र है और स्कूल ऑफ सोशल स्टडीज़ में रिसर्च कर रहा है।
ABVP के मुताबिक, मुजीब गट्टू कोई पहली बार कैंपस नहीं आया है। 9 फरवरी की उस रात के बाद भी कई बार कैंपस में नजर आ चुका है। खालिद के साथ अक्सर उसकी बातचीत होती रहती है।
नौ फरवरी की उस रात के वीडियो में दिखने वाले इस शख्स को पुलिस आज तक तलाश कर रही है। लेकिन ये कभी पुलिस के हाथ नहीं लगा। शुक्रवार को वीडियो सामने के बाद ही ABVP के छात्र पहले तो मुजीब गट्टू की कैंपस में एंट्री का विरोध करने लगे और जब वो दाखिल हो गया तो पुलिस को सूचना देने भी पहुंच गए।
JNU की आंतरिक कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर जिन छात्रों पर कार्रवाई की गई थी उनमें मुजीब गट्टू भी शामिल था, 2 सत्र के लिए जेएनयू से निष्कासित भी किया गया था, हांलाकि बाद में हाई कोर्ट के आदेश के बाद निष्कासन वापस ले लिया गया।