1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर प्रदेश में शराबबंदी लागू हो: कल्याण सिंह

उत्तर प्रदेश में शराबबंदी लागू हो: कल्याण सिंह

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 16, 2016 08:10 pm IST,  Updated : Jul 16, 2016 08:10 pm IST

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने यहां शनिवार को कहा कि राजनीति धंधा नहीं, सेवा धर्म है। धंधाखोर लोग राजनीति में घुस आए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में भी शराबबंदी लागू होनी चाहिए।

Kalyan Singh
- India TV Hindi
Kalyan Singh

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने यहां शनिवार को कहा कि राजनीति धंधा नहीं, सेवा धर्म है। धंधाखोर लोग राजनीति में घुस आए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में भी शराबबंदी लागू होनी चाहिए। नशा समाज को खोखला कर कर रहा है।

कल्याण सिंह बुलंदशहर के डीएवी कॉलेज मैदान पर शनिवार को महारानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान स्मृति समारोह पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "अलीगढ़ मेरी जन्मभूमि और बुलंदशहर मेरी कर्मभूमि है। अलीगढ़ ने मुझे विधायक और बुलंदशहर ने सांसद बनाया।"

राजस्थान में संवैधानिक पद संभाल रहे कल्याण सिंह ने राजनीति पर खुलकर न बोल पाने का मलाल जताया और कहा, "मैं संवैधानिक पद पर होने के कारण राजनीति पर खुल के नहीं बोल सकता पर दिल में राजनीति की आग बहुत है।"

उन्होंने आगे कहा कि गांवों को नशा मुक्त बनाया जाए। युवा नशे के मकड़जाल में फंसा है। उसे इससे निकालना है। पूर्व भाजपा नेता ने कहा, "लोगों का विवेक जाग्रत करने आया हूं। वोट बिकेगा तो भविष्य बर्बाद हो जाएगा। गंगा मैया मैली हो गई। नहाने लायक भी नहीं बची।"

कल्याण सिंह ने महिला शिक्षा, युवा शाक्ति, स्वच्छता मिशन, गांवों की सफाई पर बल दिया। युवाओं को नशामुक्त, जुआ से मुक्त और गंदगी से मुक्त गांव बनाने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर उनके पुत्र व एटा से सांसद राजवीर सिंह और सांसद भोला सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत