नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। इस माह की शुरूआत में प्रदेश की कमान संभालने के बाद शाह के साथ उनकी यह पहली मुलाकात थी।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। इस दौरान जम्मू कश्मीर के लिए पार्टी के मुख्य कर्ताधर्ता और पार्टी महासचिव राम माधव भी मौजूद थे। बुधवार को महबूबा ने राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ ही कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात की थी। राज्य की मुख्यमंत्री बनने के बाद राष्ट्रीय राजधानी का उनका यह पहला दौरा था।
मोदी से मिल बोली मुफ्ती, श्रीनगर-जम्मू को स्मार्ट शहर बनाया जाए:
जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यहां मुलाकात की और श्रीनगर एवं जम्मू को स्मार्ट शहरों में शामिल करने के अलावा राज्य को अतिरिक्त चार लाख टन से अधिक अनाज आवंटित करने की मांग की। राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि महबूबा और मोदी ने जम्मू कश्मीर के समग्र राजनीतिक और विकास परिदृश्य पर चर्चा की।
जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री बनने के बाद यह महबूबा की प्रधानमंत्री के साथ उनकी पहली मुलाकात थी। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने राज्य से संबंधित व्यापक मुद्दों पर चर्चा की। बयान में कहा गया है कि महबूबा ने मोदी से आग्रह किया कि वह राज्य के राजधानी शहरों श्रीनगर और जम्मू को स्मार्ट शहर योजना के तहत स्मार्ट शहर के तौर पर शामिल करने के बारे में विचार करें।
बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री महबूबा ने राज्य को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत जनवितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले अनाज के अलावा अतिरिक्त 4.30 लाख टन अनाज आवंटित करने का अनुरोध किया।