1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. प्रणब, मोदी ने की फ्रांस पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा

प्रणब, मोदी ने की फ्रांस पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 15, 2016 01:03 pm IST,  Updated : Jul 15, 2016 01:03 pm IST

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी समेत भारतीय नेताओं ने फ्रांस में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि कई बच्चों समेत निर्दोष लोगों पर किया गया यह हमला एक घृणित अपराध है।

modi-pranab- India TV Hindi
modi-pranab

नयी दिल्ली: राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी समेत भारतीय नेताओं ने फ्रांस में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि कई बच्चों समेत निर्दोष लोगों पर किया गया यह हमला एक घृणित अपराध है। मुखर्जी ने फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद को लिखे एक पत्र में नीस में कल शाम हुए घृणित आतंकवादी कृत्य में लोगों के मारे जाने की घटना पर शोक प्रकट किया और कहा कि भारतीयों की संवेदनाएं फ्रांस के लोगों के साथ हैं और वे उनके साथ एकजुट होकर खड़े हैं।

मोदी ने कहा कि यह विवेकहीन हिंसक कृत्य व्याकुल कर देने वाला है और भारत अत्यधिक दुख की इस घड़ी में फ्रांस के साथ मजबूती से खड़ा है और उसकी पीड़ा में साझीदार है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, मैं नीस पर हुए भीषण हमले से व्याकुल हूं। मैं हिंसा के इस प्रकार के विवेकहीन कृत्यों की कड़ी निंदा करता हूं। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं।

उन्होंने कहा, मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। अत्यंत दुख की इस घड़ी में भारत अपने फ्रांसीसी भाइयों एवं बहनों के साथ मजबूती से खड़ा है और उनकी पीड़ा में साझीदार है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि नीस में बास्तील दिवस का जश्न मना रही भीड़ पर किया गया यह आतंकी हमला शांति एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरी नाराजगी को दर्शाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत