1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली के जिस मंदिर में हुई थी तोड़फोड़, वहां आज होगी मूर्तियों की स्थापना

दिल्ली के जिस मंदिर में हुई थी तोड़फोड़, वहां आज होगी मूर्तियों की स्थापना

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 08, 2019 10:47 pm IST,  Updated : Jul 08, 2019 11:58 pm IST

पुरानी दिल्ली में हौज़ काज़ी के लाल कुआं इलाके के उस मंदिर में मंगलवार को नई मूर्तियां स्थापित की जाएंगी जहां पिछले हफ्ते तोड़फोड़ की गई थी।

temple- India TV Hindi
प्रतिकात्मक तस्वीर Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली में हौज़ काज़ी के लाल कुआं इलाके के उस मंदिर में मंगलवार को नई मूर्तियां स्थापित की जाएंगी जहां पिछले हफ्ते तोड़फोड़ की गई थी। दरअसल, लाल कुआं इलाके में स्कूटर खड़ा करने को लेकर दो व्यक्तियों में हुई लड़ाई ने सांप्रदायिक रंग ले लिया था।

निवासियों ने दावा किया कि दुर्गा मंदिर स्ट्रीट समिति मंदिर की मरम्मत का सारा खर्च उठा रही है। मंदिर के पुजारी अनिल कुमार पांडे ने बताया, ‘‘ मंगलवार को सुबह 10 बजे मंदिर का शुद्धीकरण करने के बाद नई मूर्तियां स्थापित की जाएंगी।’’

दुर्गा मंदिर गली के रहने वाले 53 साल के तारा चंद सक्सेना ने बताया कि गली में 35 परिवार रहते हैं जिन्होंने समिति को रुपये दान दिया है। यह मंदिर की मरम्मत में आए सारे खर्च को वहन कर रहा है। किसी भी बाहरी से एक पैसा नहीं मांगा गया है। सक्सेना ने कहा कि सुबह में मूर्तियों को स्थापित करने के बाद दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

गौरतलब है कि स्कूटर खड़ा करने को लेकर अलग अलग समुदाय के दो व्यक्तियों में झगड़ा हो गया था जिसने सांप्रदायिक रंग ले लिया था जिसके बाद मंदिर पर पथराव किया गया था। मंदिर में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस अब तक सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चुकी है और आठ नाबालिगों को पकड़ा है। और गिरफ्तारियां हो सकती हैं क्योंकि संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के कर्मी अब भी इलाके में तैनात हैं और मंगलवार को शुद्धीकरण के दौरान भी तैनात रहेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत