1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भाजपा नेता ने हौज काजी घटना में AAP मंत्री की संलिप्तता का आरोप लगाया

भाजपा नेता ने हौज काजी घटना में AAP मंत्री की संलिप्तता का आरोप लगाया

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 03, 2019 08:57 pm IST,  Updated : Jul 03, 2019 09:00 pm IST

भाजपा के राज्य सभा सदस्य एवं पार्टी की दिल्ली इकाई के पूर्व प्रमुख गोयल ने संवाददाताओं से कहा कि हौज काजी इलाके के उनके दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे कहा कि हुसैन ने इस घटना को जानबूझ कर सांप्रदायिक रंग दिया।

vijay goel- India TV Hindi
विजय गोयल ने हौज काजी घटना में AAP मंत्री की संलिप्तता का आरोप लगाया Image Source : TWITTER

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता विजय गोयल ने हौज काजी इलाके में एक मंदिर में हुई तोड़फोड़ की घटना में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन के संलिप्त होने का बुधवार को आरोप लगाया। हालांकि, आप नेता ने इस आरोप को खारिज कर दिया और बेबुनियाद आरोप लगाए जाने को लेकर उनके खिलाफ पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा के राज्य सभा सदस्य एवं पार्टी की दिल्ली इकाई के पूर्व प्रमुख गोयल ने संवाददाताओं से कहा कि हौज काजी इलाके के उनके दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे कहा कि हुसैन ने इस घटना को जानबूझ कर सांप्रदायिक रंग दिया। यह घटना रविवार रात हौज काजी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई थी। लाल कुआं इलाके में एक दोपहिया वाहन की पार्किंग को लेकर लड़ाई होने के बाद भीड़ ने मंदिर में तोड़फोड़ की थी।

गोयल ने एक बयान में कहा, ‘‘मंदिर पर हमले में इमरान हुसैन की संलिप्तता कई सवाल उठाते हैं।’’ उन्होंने इस घटना पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चुप्पी की ओर भी इशारा किया। वहीं, बल्लीमारान क्षेत्र से आप विधायक एवं केजरीवाल सरकार में पर्यावरण मंत्री हुसैन ने कहा कि उन्होंने पुलिस के अनुरोध पर लोगों को शांत करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने लाउडस्पीकर के जरिए दोनों ओर के लोगों से शांत होने की अपील की थी।’’

हुसैन ने आईपी एक्स्टेंशन पुलिस थाना में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में गोयल और भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा पर अफवाह फैलाने तथा बेबुनियाद आरोप लगाने की बात कही है। अपने खिलाफ दर्ज शिकायत पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) तुष्टिकरण की रजनीति कर रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत