1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पूर्व केंद्रीय मंत्री और लालू के करीबी रघुनाथ झा का निधन, नीतीश और राबड़ी ने जताया शोक

पूर्व केंद्रीय मंत्री और लालू के करीबी रघुनाथ झा का निधन, नीतीश और राबड़ी ने जताया शोक

 Reported By: IANS
 Published : Jan 15, 2018 06:46 pm IST,  Updated : Jan 15, 2018 06:46 pm IST

वर्ष 1990 में लालू प्रसाद को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। झा के निधन की खबर सुनने के बाद उनके समर्थकों में शोक की लहर है...

raghunath jha- India TV Hindi
raghunath jha

पटना: पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता रघुनाथ झा का रविवार देर रात दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे। रघुनाथ झा के परिजनों के मुताबिक, झा ने रविवार रात अंतिम सांस ली। वह काफी दिनों से बीमार थे और उनका इलाज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को शिवहर जिला के पिपराही प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव अंबा में किया जाएगा।

झा को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का काफी नजदीकी माना जाता था। रघुनाथ झा का 37 वर्षो का संसदीय जीवन रहा। वह लगातार छह बार शिवहर से विधायक और दो बार सांसद रहे थे। रघुनाथ झा बिहार सरकार में डेढ़ दर्जन से अधिक विभागों के मंत्री रहे थे तथा केन्द्र में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में भारी उद्योग राज्यमंत्री का भी दायित्व उन्होंने निभाया था।

झा जनता दल के गठन के बाद उसके प्रथम प्रदेश अध्यक्ष भी रहे थे। वर्ष 1990 में लालू प्रसाद को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। झा के निधन की खबर सुनने के बाद उनके समर्थकों में शोक की लहर है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, "रघुनाथ झा एक कुशल राजनेता एवं कर्मठ समाजसेवी थे। उनके निधन से न केवल राजनीतिक, बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी अपूरणीय क्षति हुई है।"

मुख्यमंत्री ने झा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किए जाने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों, अनुयायियों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी झा के निधन पर दुख प्रकट किया है। मोदी ने उनके निधन को बिहार की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

राजद प्रमुख लालू प्रसाद की पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक तेजप्रताप यादव एवं राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने भी रघुनाथ झा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राबड़ी ने झा के निधन को राजद परिवार के साथ साथ उनके परिवार के लिए भी व्यक्तिगत क्षति बताया। उन्होंने कहा, "उनका संबंध हमारे पूरे परिवार से काफी गहरा था। वह सदा से हमलोगों के हितैषी रहे।"

राबड़ी ने कहा कि रघुनाथ झा की सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में काफी गहरी पैठ थी। सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के आदर्श को मजबूत करने में उनकी बड़ी भूमिका रही थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत