1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अब अभिनंदन भारत से ही कर सकते हैं पाकिस्तान पर हमला: जे पी नड्डा

अब अभिनंदन भारत से ही कर सकते हैं पाकिस्तान पर हमला: जे पी नड्डा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 03, 2020 10:50 pm IST,  Updated : Jan 03, 2020 10:50 pm IST

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राफेल युद्धक विमानों को बेड़े में शामिल किए जाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिवंगत मनोहर पर्रिकर को देते हुए शुक्रवार को कहा कि अब वायुसेना सीमा पार किए बिना भी पाकिस्तान को निशाना बना सकती है।

Jagat Prakash Nadda- India TV Hindi
Jagat Prakash Nadda (File Photo)

पणजी: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राफेल युद्धक विमानों को बेड़े में शामिल किए जाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिवंगत मनोहर पर्रिकर को देते हुए शुक्रवार को कहा कि अब वायुसेना सीमा पार किए बिना भी पाकिस्तान को निशाना बना सकती है। वह यहां संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में एक रैली को संबोधित कर रहे थे।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘रक्षा खरीद के संबंध में किए गए कई फैसलों के तहत, (रक्षा मंत्री के रूप में पर्रिकर के कार्यकाल के दौरान) हमें 36 राफेल युद्धक विमान जेट्स मिले। अब हमारे अभिनंदन को पाकिस्तान नहीं जाना पड़ेगा, वह भारत से ही पाकिस्तान पर हमला कर सकते हैं।’’ 

पिछले साल फरवरी में भारत-पाकिस्तान गतिरोध के दौरान विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान पाकिस्तान में 60 घंटों तक बंदी रहे थे। नड्डा ने आरोप लगाया कि संप्रग सरकार देश के रक्षा बुनियादी ढांचे के उन्नयन में विफल रही। उन्होंने कहा, ‘‘आज मैं पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। 

उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा बलों के लिए बहुत कुछ किया।’’ जे पी नड्डा ने कहा, ‘‘संप्रग के दस साल के कार्यकाल में, हर रक्षा सौदा भ्रष्टाचार के संदेह के घेरे में था। यह हेलीकॉप्टर सौदा हो या पनडुब्बी सौदा। उसने दस साल किसी भी खरीद सौदे पर हस्ताक्षर नहीं किए।’’ नड्डा ने कहा कि संप्रग सरकार ‘‘वन रैंक वन पेंशन’’ के मुद्दे को नहीं सुलझा पाई, जिसे पर्रिकर ने सुलझा दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत