नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यहां अपने आधिकारिक आवास 7 रेस कोर्स रोड पर राष्ट्रीय खेल पुरस्कार विजेताओं की मेजबानी की जिसमें रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधू और कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक भी शामिल रही।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय खेल दिवस की पूर्व संध्या पर खिलाडि़यों को बधाई दी। बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधू और पहलवान साक्षी के अलावा दिग्गज निशानेबाज जीतू राय और जिम्नास्ट दीपा करमाकर भी इस दौरान उपस्थित थे।
इन सभी चार खिलाडि़यों को कल यहां राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। सिंधू ने महिला एकल में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा था जबकि साक्षी ने रियो खेलों महिला 58 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में कांस्य पदक जीता था।
पहली बार ओलंपिक में हिस्सा लेते हुए जिम्नास्ट दीपा कलात्मक जिम्नास्टिक में चौथे स्थान पर रही थी जबकि जीतू ने पिछले दो साल में आधे दर्जन से अधिक पदक जीते हैं।