1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दुनिया ने देखी भारत की एकजुटता, PM मोदी ने भी दीप प्रज्वलित किया, कहा- "शुभं करोति कल्याणमारोग्यं धनसंपदा..."

दुनिया ने देखी भारत की एकजुटता, PM मोदी ने भी दीप प्रज्वलित किया, कहा- "शुभं करोति कल्याणमारोग्यं धनसंपदा..."

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 05, 2020 10:17 pm IST,  Updated : Apr 05, 2020 11:21 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने निवास स्थान पर दीप प्रज्वलित किया। इसकी जानकारी खुद पीएम मोदी ने तस्वीरें ट्वीट करके दीं। पीएम मोदी ने दीप प्रज्वलित करने के दौरान की चार तस्वीरें ट्वीट कीं और उनके साथ संस्कृत में श्लोक लिखा।

PM मोदी ने दीप प्रज्वलित किया- India TV Hindi
PM मोदी ने दीप प्रज्वलित किया

नई दिल्ली: कोरोना वायरस संकट से निपटने में राष्ट्र के ‘‘सामूहिक संकल्प और एकजुटता’’ को प्रदर्शित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर ‘रविवार रात नौ बजे नौ मिनट तक’ करोड़ों देशवासियों ने अपने घरों की बत्ती बुझा दी और दीए, मोमबत्ती तथा मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने निवास स्थान पर दीप प्रज्वलित किया। इसकी जानकारी खुद पीएम मोदी ने तस्वीरें ट्वीट करके दीं।

पीएम मोदी ने दीप प्रज्वलित करने के दौरान की चार तस्वीरें ट्वीट कीं और उनके साथ संस्कृत में श्लोक लिखा। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, "शुभं करोति कल्याणमारोग्यं धनसंपदा । शत्रुबुद्धिविनाशाय दीपज्योतिर्नमोऽस्तुते ॥" हिंदी में इसका अर्थ होता है, 'हे दीपक शुभ करने वाले, हमारा कल्याण करें, हमें आरोग्य प्रदान करें, धन-संपदा दें। शत्रुओं की बुद्धि का नाश करें। मैं आपकी ज्योति को नमन करता हूं।'

उल्लेखनीय है कि यह पहला मौका है जब पीएम मोदी ने ‘लॉकडाउन’ के दौरान इस वैश्विक महामारी के खिलाफ लोगों को एकजुट करने की कोशिश की। लॉकडाउन से ठीक पहले 22 मार्च को ‘‘जनता कर्फ्यू ’’के दौरान भी लोगों ने प्रधानमंत्री की अपील पर ताली, थाली, और घंटी आदि बजा कर कोरोना वायरस संकट का मुकाबला कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साह बढ़ाया था। 

PM मोदी ने दीप प्रज्वलित किया
PM मोदी ने दीप प्रज्वलित किया

इसके बाद पीएम मोदी ने शुक्रवार को लोगों को से अनुरोध किया था कि वे कोरोना वायरस को पराजित करने के लिये सामूहिक संकल्प और एकजुटता प्रदर्शित करने के लिये रविवार रात नौ बजे नौ मिनट के लिये लाइट बुझा दें और अपने घरों पर दीए, मोमबत्ती तथा मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाएं। पीएम मोदी की इस अपील को पूरे देश ने माना।

PM मोदी ने दीप प्रज्वलित किया
PM मोदी ने दीप प्रज्वलित किया

पीएम मोदी की अपील पर पूरा देश रविवार रात नौ बजते ही एकजुट दुखा। ज्यादातर घरों में बत्तियां बुझा दी गईं और लोगों ने बालकनी में खड़े होकर मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाई। जबकि, कइयों ने दीये और मोमबत्ती भी जलाये। पीएम मोदी की अपील पर बच्चों तक ने एकजुटता की इस मुहीम में हिस्सा लिया। एक वीडियो में तो बच्चों ने कोरोना को हराने के लिए घरों में रहने की अपील भी की।

इस वैश्विक महामारी से दुनिया भर में 65,600 लोगों की मौत हो चुकी है और 10 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। भारत में भी इस महामारी का असर बढ़ता जा रहा हैं। कोरोनावायरस के कारण अब तक भारत में 83 लोगों की मौत हो चुकी है और 3577 इसके संक्रमण के शिकार हुए हैं। इनमें से 3219 एक्टिव रूप से पॉजिटिव हैं।

मोदी ने कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने के लिये 24 मार्च को राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की थी और यह उसी रात मध्य रात्रि से प्रभावी हो गया था। हालांकि, तब से लेकर अभी तक भी कोरोना वायरस के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। देश में बीते 24 घन्टों में 505 मरीज सामने आए हैं, वहीं ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 275 है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना वायरस का प्रकोप देश के 29 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैल चुका है और अब तक इसके 3577 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 65 विदेशी मरीज भी शामिल हैं। कोरोना से महाराष्ट्र में सर्वाधिक 490 लोग संक्रमित हैं तथा 24 लोगों की मौत हो गई है। दूसरे स्थान पर तमिलनाडु है जहां 485 लोग संक्रमित हैं तथा तीन लोगों की मौत हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत