1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मथुरा हिंसा की CBI जांच जरूरी: प्रकाश जावड़ेकर

मथुरा हिंसा की CBI जांच जरूरी: प्रकाश जावड़ेकर

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 09, 2016 04:15 pm IST,  Updated : Jun 09, 2016 04:15 pm IST

केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के जवाहरबाग में हुई हिंसा की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच होनी चाहिए।

Prakash Javdekar- India TV Hindi
Prakash Javdekar

फिरोजाबाद: केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के जवाहरबाग में हुई हिंसा की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह घटना समाजवादी पार्टी के गुंडाराज का परिणाम है। कई सालों से इसे सपा धीरे-धीरे बढ़ावा दे रही थी। यह बातें जावड़ेकर ने फिरोजाबाद में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा, "सूबे में कानून व्यवस्था खराब चल रही है। बिजली का संकट रहता है। सपा-बसपा बहुत हुआ। अब जनता बीजेपी की ओर उम्मीद की नजरों से देख रही हैं। केंद्र की तरह राज्य की सत्ता भी 2017 में बीजेपी के हाथों में देना चाहती है ताकि प्रदेश का विकास हो सके।"

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट में आगरा और फिरोजाबाद में बढ़ रहे प्रदूषण के के सवाल पर उन्होंने कहा कि सारे देश के प्रदूषण की हमें चिंता है। तीन साल बाद यानी वर्ष 2020 में ऐसा डीजल पेट्रोल आएगा जो 6 मानक का होगा। इससे प्रदूषण रुकेगा और पुराने वाहनों को भी इसके मुताबिक करना होगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की 3400 फैक्ट्रियों में उपकरण लगवाए गए हैं जिनसे 24 घंटे सारी जानकारी मिल रही है। जो इकाईयां प्रदूषण पर लगाम नहीं लगा सकेंगीं, आने वाले सालों में उनको बंद करा दिया जाएगा।

आगरा में ताजमहल के आसपास सैकड़ों पेड़ों की कटान के सवाल पर जावड़ेकर ने कहा कि राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण ने अपनी रिपोर्ट दी थी। अब हमने अपनी एक रिपोर्ट तैयार की है। आगरा में जितने पेड़ कटे हैं, उतने लगवाए जाएंगे। इसके लिए हमारे पास बजट है। ताजमहल के आसपास प्रदूषण रोका जा रहा है और पेड़ों की कटान को लेकर हम गंभीर हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत