1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राहुल गांधी ने किया दिल्ली दंगा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, कहा- नफरत और हिंसा से किसी का फायदा नहीं

राहुल गांधी ने किया दिल्ली दंगा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, कहा- नफरत और हिंसा से किसी का फायदा नहीं

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 04, 2020 05:19 pm IST,  Updated : Mar 04, 2020 07:43 pm IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी का प्रतिनिधिमंडल उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दंगा प्रभावित इलाकों के दौरे पर है।

Rahul Gandhi in riot hit North West Delhi- India TV Hindi
Rahul Gandhi in riot hit North West Delhi Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी का प्रतिनिधिमंडल उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दंगा प्रभावित इलाकों के दौरे पर है। उनके दौरे का पहला पड़ाव बृजपुरी है। वह यहां के अरुण पब्लिक स्कूल पहुंचे। यहां राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि "ये एक स्कूल है। ये हिंदुस्तान का भविष्य है। यहां पर नफरत और हिंसा ने इसे खत्म किया है, जलाया है। इससे किसी का फायदा नहीं हुआ है। हिंसा और नफरत तरक्की के दुश्मन हैं।"

राहुल गांधी ने कहा कि "ये जो हो रहा है, हिंदुस्तान को जो बांटा जा रहा है, जलाया जा रहा है, इससे हिंदुस्तान का, भारत माता का कोई फायदा नहीं है। दुख का समय है। सबको मिलकर प्यार से काम करना पड़ेगा। हिंदुस्तान को जोड़कर ही आगे ले जाया जा सकता है।" उन्होंने कहा कि "जब राजधानी में हिंसा होती है, तो हिंदुस्तान का दुनिया में जो सम्मान है, उसपर चोट पहुंचती है। भाईचारे, एकता और प्यार को यहां यहां जलाया गया है।"

प्रतिनिधिमंडल में कई सांसद हैं। इसमें अधीक रंजन चौधरी, गौरव गोगोई, रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुमारी शैलजा और मुकुल वासनिक शामिल हैं। बता दें कि दिल्ली में दंगों के बाद से कांग्रेस पार्टी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का त्यागपत्र मांग रही है और इस मुद्दे पर संसद में तुरंत बहस की मांग भी कर रही है। उत्तर पूर्वी दिल्ली के मौजपुर, जाफराबाद, गोगुलपुरी सहित कई क्षेत्रों में में 24 और 25 फरवरी के दिन दंगे हुए थे जिसकी वजह से 47 लोगों की मौत हो गई है। 

दंगों में इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी अंकित शर्मा और दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल रत्नलाल की मृत्यु भी हुई है। इसके अलावा 200 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं। हालांकि, फिलहाल स्थिति सामान्य है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस एन श्रीवास्तव ने बुधवार को दिल्ली में दंगों को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात की। मुलाकात के बाद एस एन श्रीवास्तव ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत