नई दिल्ली: केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से कहा कि केन्द्र पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से कश्मीरी युवकों के वापस आने के लिए नेपाल से होकर गुजरने वाले मार्ग को कानूनी बनाने के तौर तरीकों पर काम करेगा। महबूबा ने सिंह के सामने यह विषय उठाया था। जम्मू कश्मीर सरकार ने गुरुवार रात एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान में कहा गया कि सिंह ने महबूबा को आश्वासन दिया कि लोगों और सामान के आवागमन के लिए नियंत्रण रेखा पार करने के और बिन्दुओं को खोला जाएगा। इसमें कहा गया कि बैठक में विस्थापित कश्मीरी पंडितों का मुद्दा भी उठा और मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उनके पैतृक स्थलों पर स्थायी बस्तियां बसने तक उनके अस्थायी निवास की व्यवस्था करेगी। बैठक में राज्य के सुरक्षा एवं विकास से जुड़े मुद्दे उठे और महबूबा ने शांति एवं समन्वय प्रक्रिया वापस पटरी पर लाने के लिए राज्य में विश्वास बहाली उपायों को फिर से जीवित करने की अत्यावश्यकता पर जोर दिया।