संभल: केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजीजू ने मथुरा हिंसा के परिप्रेक्ष्य में आज उत्तर प्रदेश की सपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है। साथ ही कहा कि मथुरा हिंसा की CBI जांच की सिफारिश प्रदेश सरकार करे ताकि दूध का दूध पानी का पानी हो सके।
रिजीजू ने यहां संवाददाताओं से कहा, उत्तर प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था पर गंभीर नहीं है। प्रदेश सरकार को सख्ती करनी चाहिए। उसकी नीयत साफ नहीं है। केन्द्रीय गृह मंत्रालय प्रदेश सरकार के साथ सहयोग करता है, कोई भेद भाव नहीं करता।
उन्होंने कहा कि मथुरा हिंसा की CBI जांच की सिफारिश कर उत्तर प्रदेश सरकार अपनी स्थिति स्पष्ट करे ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए। राज्य सरकार की सिफारिश या न्यायालय के आदेश या किसी विशेष मामले में एनआईए की सिफारिश पर ही केन्द्र जांच के आदेश दे सकता है।
रिजीजू ने प्रदेश में हो रही आतंकवादी घटनाओं में अल कायदा और ISIS का प्रदेश के सम्भल आदि जिलों के कनेक्शन के सवाल पर कहा कि देश में काफी आतंकवादी घटनाएं ऐसी हुई है जो उत्तर प्रदेश से जुडी हैं।
इसे भी पढ़ेः ‘इशरत जहां मामले में लश्कर-ए-तैयबा के साथ चला यूपीए’
पाकिस्तानी आतंकी हाफिज सईद की भारत को दी जाने वाली धमकियों पर रिजीजू ने कहा कि बयानबाजी वो करते हैं जो कमजोर होते हैं और जो अपने को चर्चा में लाना चाहते है। भारत एक मजबूत देश है। भारत सरकार ऐसे बयानों का जबाब देना नहीं चाहती।