शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में एक कॉलेज में परीक्षा चल रही थी तभी एग्ज़ाम के बीच में कुछ बदमाश क्लासरूम में घुस गए और एक छात्र की लाठी-डंडों से बुरी तरह पिटाई कर दी। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई लेकिन हमलावरों का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है।
सीसीटीवी में कैद मारपीट की तस्वीरें उत्तरप्रदेश के शामली के सेंट आरसी हायर एजुकेशन कॉलिज की हैं। कॉलेज में एग्जाम चल रहा था और क्लासरूम में बी.कॉम फर्स्ट ईयर के छात्र परीक्षा दे रहे थे लेकिन तभी शांत क्लासरूम में भूचाल आ गया।
इम्तिहान है या युद्ध का मैदान ?
ये वाकया 4 अप्रैल गुरुवार का है। कॉलेज में परीक्षा शुरू हुई ही थी, परीक्षा के दौरान सभी छात्र सवालों के जवाब देने में व्यस्त थे कि तभी अचानक इस क्लासरूम के दरवाजे से काली शर्ट में एक लड़का चेहरे पर रुमाल बांधकर दाखिल होता है। उसके हाथ में डंडा था। काली शर्ट पहने लड़का अंदर दाखिल होते ही पहले सामने पड़ी खाली कुर्सियों को फेंकता है और फिर क्लासरूम में परीक्षा दे रहे एक लड़के को अपना निशाना बनाता है।
नकाबपोश लड़के के पहले ही वार के बाद क्लासरूम में मौजूद एक टीचर लड़के को पकड़ने आगे बढ़ते हैं लेकिन तभी क्लासरूम में तीन और लड़के तेज़ी से दाखिल होते हैं। क्लासरूम में एक लड़के पर हुए अचानक हमले से वहां मौजूद दूसरे छात्र घबराकर क्लासरूम से निकलने लगते हैं लेकिन क्लास में मौजूद टीचर पिट रहे लड़के को बचाने की पूरी कोशिश करते हैं। कॉलेज में हंगामे की खबर फैलता देख हमलावर ताबड़तोड़ वार करते हुए क्लासरूम से निकलने के लिए दरवाजे की तरफ भागते हैं। क्लासरूम में मौजूद दोनों टीचर भी हमलावरों के पीछे भागते हैं लेकिन हमलावर फरार होने में कामयाब हो जाते हैं।
आगे की स्लाइड में देखे वीडियो-