1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल में कोरोना के साथ अब 'शिगेला' का कहर, 11 साल के बच्चे की संक्रमण से मौत

केरल में कोरोना के साथ अब 'शिगेला' का कहर, 11 साल के बच्चे की संक्रमण से मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 19, 2020 10:26 pm IST,  Updated : Dec 19, 2020 10:26 pm IST

कोरोना वायरस के कहर से जूझ रहे केरल के लिए शिगेला का संक्रमण एक नई चुनौती बनकर सामने आया है।

Shigella Kerala, Shigella Infection Kerala, Kerala Coronavirus Updates, Kerala Coronavirus- India TV Hindi
कोरोना वायरस के कहर से जूझ रहे केरल के लिए शिगेला का संक्रमण एक नई चुनौती बनकर सामने आया है। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

कोझिकोड: कोरोना वायरस के कहर से जूझ रहे केरल के लिए शिगेला का संक्रमण एक नई चुनौती बनकर सामने आया है। अधिकारियों द्वारा शनिवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, सूबे के कोझिकोड में आंत के संक्रमण शिगेला (shigella infection) से 11 वर्षीय एक बच्चे की मौत हुई है और अब तक 6 लोग इससे बीमार हुए हैं। बता दें कि शिगेला विश्व में डायरिया का अग्रणी जीवाणु कारक है। इसके संक्रमण से वैसे तो सभी आयु वर्ग के लोग प्रभावित हो सकते हैं लेकिन बच्चों में इसका संक्रमण सबसे ज्यादा देखने को मिलता है।

डायरिया के 26 मामले सामने आए

अधिकारियों ने बताया कि शिगेला के संक्रमण के चलते जान गंवाने वाले 11 वर्षीय बच्चे की मौत शुक्रवार को हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोझिकोड में शिगेला से संक्रमण के अधिकतर मामले कोट्टापरंबु वॉर्ड से सामने आए हैं। जिला चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर वी जयश्री ने बताया कि डायरिया के 26 मामले सामने आए हैं जिनमें से 6 के शिगेला की वजह से होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा, ‘अन्य लोग ठीक हो चुके हैं। 2 बच्चों को यहां मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है क्योंकि उन्हें बुखार है।’

कोरोना के मामले 7 लाख के पार
बता दें कि केरल इस समय कोरोना वायरस के कहर से भी बुरी तरह जूझ रहा है। शनिवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 6,293 नए मामले सामने आने के साथ ही कुल मामलों की संख्या 7 लाख के आंकड़े को पार कर गई। स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने कहा कि बीमारी के कारण 29 और मौतें होने के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 2,786 हो गई। शनिवार को राज्य में 4749 और लोग संक्रमण से ठीक हुए हैं, जिससे ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 6,36,814 हो गई। राज्य में इस समय 60,396 ऐक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटों में 59,995 सैंपल्स जांच के लिए भेजे गए और पॉजिटिविटी रेट 10.49 प्रतिशत है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत